व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण की दिशा में भारत विकास परिषद का संकल्प



हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। भारत विकास परिषद ब्रज प्रांत की प्रांतीय दायित्व ग्रहण एवं कार्यशाला का आयोजन अमृतम शाखा के आतिथ्य में होटल मधु श्री, नुनहाई में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में आगरा, फिरोजाबाद एवं मथुरा की 34 शाखाओं के 300 से अधिक प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्रज प्रांत अध्यक्ष उमेश बंसल ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्पार्चन तथा राष्ट्रगीत वंदेमातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ। इसके पश्चात नवगठित प्रांतीय कार्यकारिणी के पदाधिकारियों एवं विभिन्न गतिविधियों के प्रभारी एवं संयोजकों ने अपने-अपने दायित्व ग्रहण किए।

कार्यशाला में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, सेवा कार्यों एवं संस्कार आधारित कार्यक्रमों को लेकर आगामी वर्ष की कार्ययोजना तैयार की गई। क्षेत्रीय अध्यक्ष सीए प्रवीन गर्ग ने कहा कि परिषद का प्रत्येक सदस्य व्यक्तित्व विकास एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने वित्तीय अनुशासन एवं शाखा संचालन पर भी मार्गदर्शन दिया।

क्षेत्रीय महासचिव राजीव गोयल ने शाखा स्तरीय कार्यशालाओं एवं सदस्यता अभियान को गति देने का आह्वान किया। वहीं डॉ. राजेश पालीवाल ने परिषद के नियम-विनियम एवं कार्यक्रम प्रोटोकॉल पर जानकारी दी। राष्ट्रीय सह संयोजक प्रकाशन डॉ. तरुण शर्मा ने प्रवास बैठकों को शाखाओं के लिए नई ऊर्जा का माध्यम बताया।

राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय पदाधिकारियों ने सेवा, पर्यावरण, महिला सहभागिता, संस्कार एवं संपर्क गतिविधियों पर विस्तार से जानकारी दी। स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान, ग्राम विकास, कौशल विकास, एनीमिया मुक्त भारत अभियान तथा भारत को जानो प्रतियोगिता जैसे कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।

क्षेत्रीय संरक्षक डॉ. केशव दत्त गुप्ता ने कहा कि परिषद “स्वस्थ, समर्थ, संस्कारित भारत” के ध्येय को लेकर निरंतर कार्य कर रही है।

आतिथ्य शाखा अमृतम की ओर से स्वागत उद्बोधन शाखा अध्यक्ष कुलभूषण गुप्ता ‘राम भाई’ ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन शाखा सचिव राजीव अग्रवाल ने किया तथा आभार प्रांतीय वित्त सचिव अमित गुप्ता एवं शाखा कोषाध्यक्ष मयंक जैन ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रांतीय पदाधिकारी, शाखा अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।पल