हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। (बटेश्वर) जिला पंचायत आगरा द्वारा निर्मित छोटी काशी श्री बटेश्वर नाथ मंदिर के भव्य स्वागत द्वार का लोकार्पण भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद एवं राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह द्वारा विधिवत रूप से संपन्न किया गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और विकास के लिए जिला पंचायत निरंतर कार्य कर रही है। स्वागत द्वार के निर्माण से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिलने के साथ मंदिर परिसर की भव्यता भी बढ़ेगी।

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत पोनिया, पूर्व मंत्री राम सकल गुर्जर, पूर्व विधायक डॉ. राजेंद्र सिंह, जिला पंचायत सदस्य राम अवतार वर्मा, सहवीर सिंह, भाव सिंह नरवरिया, महेश कठेरिया तथा पंडित शिव कुमार शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

लोकार्पण समारोह के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया और मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा। उपस्थित जनों ने भगवान भोलेनाथ का पूजन-अर्चन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं श्रद्धालुओं ने इसे धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक गौरव से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य बताते हुए जिला पंचायत आगरा की पहल की सराहना की।

!! हर-हर महादेव !!

रिपोर्ट : असलम सलीमी