श्री हरिकृष्ण वृद्धजन सम्मान भवन में आयोजित हुई ‘सनातन भक्ति संगीत संध्या’
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। रेस्पेक्ट एज इंटरनेशनल (अंतर्राष्ट्रीय वृद्ध जन सम्मान समिति) एवं सुभारत संगीत निकेतन, सिकंदरा के संयुक्त तत्वावधान में पुरुषोत्तम अधिक मास के अवसर पर “सनातन भक्ति संगीत संध्या” श्रृंखला का पहला आयोजन श्री हरिकृष्ण वृद्धजन सम्मान भवन, पश्चिम पुरी सिकंदरा में श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ समिति के संस्थापक एवं सेवा प्रमुख डॉ. गिरीश सी. गुप्ता, सुभारत संगीत निकेतन के संस्थापक पंडित देवाशीष गांगुली, मुख्य अतिथि डॉ. बी. डी. अग्रवाल, मंजू गुप्ता, मीता गांगुली, देवाशीष रत्ना चैटर्जी और समृद्धि सिंह ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया।
भक्ति संगीत संध्या में पंडित देवाशीष गांगुली ‘संगीतेश’ के निर्देशन में हिंदू, बौद्ध, जैन, सिख, आर्य समाज और राधा स्वामी सत्संग सहित विभिन्न मतों के भजनों की प्रस्तुतियां दी गईं। “तेरे मन में राम, तन में राम, रोम-रोम में राम रे...” भजन ने उपस्थित श्रोताओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम में संगीत डिप्लोमा के जूनियर एवं सीनियर विद्यार्थियों ने भी सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। विशेष प्रस्तुतियों में पंडित देवाशीष गांगुली,आकाशवाणी कलाकार मीता गांगुली तथा मंच संचालिका डॉ. वैशाली शर्मा के भक्ति गायन ने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। पुष्पांजली नर्सिंग स्कूल की छात्राओं एवं शिवानी ने भी सुंदर भजनों की प्रस्तुति दी।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार डॉ. महेश धाकड़, राजेश गुप्ता, जेपी शर्मा, तरुण राज, एसके गुप्ता, रामेंद्र शर्मा, मनोज कुमार, कमलदीप और विजय पाठक सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट : असलम सलीमी


