पुरुषोत्तम मास में गौशाला सेवा और राहगीरों के लिए शीतल जल टंकी का शुभारंभ
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर श्री गिरिराज सेवक मंडल परिवार द्वारा गुरुवार को सेवा, संस्कार और समर्पण की भावना के साथ अग्रवन वाटर वर्क्स गौशाला में गौसेवा एवं वाटर वर्क्स चौराहा स्थित पुल के नीचे शीतल जल सेवा का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सेवाभावी जन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत अग्रवन वाटर वर्क्स गौशाला में गौ माता की सेवा से हुई। मंडल के सदस्यों ने गौवंश को हरा चारा, गुड़ एवं अन्य आहार समर्पित कर सेवा की। इस अवसर पर अजय गोयल, मनोज अग्रवाल, पवन अग्रवाल, श्याम सुंदर माहेश्वरी, मनीष गोयल एवं नीरज अग्रवाल ने कहा कि पुरुषोत्तम मास में गौसेवा का विशेष महत्व होता है तथा यह समाज में करुणा, सेवा और दायित्वबोध की भावना को मजबूत करता है।
इसके उपरांत वाटर वर्क्स चौराहा स्थित पुल के नीचे मिनरल वॉटर की टंकी स्थापित कर जलसेवा का शुभारंभ किया गया। भीषण गर्मी को देखते हुए राहगीरों, श्रमिकों एवं यात्रियों के लिए यह सेवा प्रारंभ की गई है, जिससे दिनभर शीतल पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम में गौ सेवा संयोजक रमाशंकर मीना गुप्ता, शेखर अग्रवाल, अमित मित्तल, द्वारकेश अग्रवाल, अंकुश अग्रवाल तथा जल सेवा प्रभारी अंकुर अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


