हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के रोमांच को करीब से महसूस कराने के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा 23 और 24 मई को जीआईसी ग्राउंड, आगरा में IPL फैन पार्क का आयोजन किया जाएगा। शुक्रवार को होटल हॉलिडे इन में आयोजित कार्यक्रम में फैन पार्क की आधिकारिक जर्सी का अनावरण किया गया। आयोजकों ने बताया कि इस बार फैन पार्क पहले की तुलना में अधिक भव्य, आकर्षक और मनोरंजन से भरपूर होगा।
बीसीसीआई के इरफान दादन ने कहा कि IPL फैन पार्क का उद्देश्य उन क्रिकेट प्रेमियों तक भी IPL का रोमांच पहुंचाना है, जो स्टेडियम में जाकर मैच नहीं देख पाते। उन्होंने कहा कि आगरा में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम क्रिकेट प्रशंसकों के लिए यादगार अनुभव साबित होगा।
आगरा क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील जोशन ने बताया कि आगरा में चौथी बार इतने बड़े स्तर पर IPL फैन पार्क आयोजित किया जा रहा है। यहां आने वाले दर्शकों को लाइव मैच के साथ मनोरंजन और उत्साह का अनूठा माहौल मिलेगा। वहीं एसोसिएशन के निदेशक पूरन डावर ने कहा कि फैन पार्क में क्रिकेट के साथ कई मनोरंजक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी, ताकि हर आयु वर्ग के लोग इस आयोजन का आनंद ले सकें।
आयोजकों के अनुसार IPL 2026 फैन पार्क देश के 50 शहरों में आयोजित किया जाएगा। फैन पार्क में विशाल एलईडी स्क्रीन पर मैचों का सीधा प्रसारण किया जाएगा। इसके अलावा चीयरिंग जोन, फेस पेंटिंग, शाउट-आउट्स, इंटरैक्टिव गेम्स और मनोरंजन गतिविधियां दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
फैन पार्क में प्रवेश निशुल्क रखा गया है। दर्शकों के लिए आधिकारिक मर्चेंडाइज, फूड स्टॉल्स, शीतल पेय और संगीत कार्यक्रमों की भी व्यवस्था की जाएगी।
इस अवसर पर आगरा क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त सचिव सर्वेश भटनागर, चंद्र मोहन सचदेवा, सुमित शर्मा और शिखा झींगरन सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।


