हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। आगरा मंडल व्यापार संगठन द्वारा व्यापारियों के लिए पेंशन व्यवस्था लागू कराने की मांग को लेकर चलाए जा रहे पोस्टकार्ड अभियान के अंतर्गत सोमवार को माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के नाम ज्ञापन सौंपा गया। जिलाधिकारी आगरा की अनुपस्थिति में संगठन के पदाधिकारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट आगरा को ज्ञापन देकर विभिन्न व्यापारियों द्वारा भरे गए 150 पोस्टकार्ड एवं उनकी सूची मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का अनुरोध किया।
अध्यक्ष पवन बंसल ने बताया कि प्रदेश के व्यापारियों के हित में पेंशन व्यवस्था लागू कराने के उद्देश्य से यह अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों के व्यापारियों से पोस्टकार्ड भरवाकर मुख्यमंत्री के नाम भेजे जा रहे हैं और यह अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक प्रदेश में व्यापारियों के लिए पेंशन व्यवस्था लागू नहीं हो जाती।
संगठन के कार्यवाहक अध्यक्ष गिरीश चंद गोयल ने बताया कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के 14 जून को आगरा आगमन के दौरान उनसे मुलाकात कर इस संबंध में एक ज्ञापन सौंपने का प्रयास किया जाएगा, ताकि व्यापारियों की पेंशन व्यवस्था की मांग को उनके आगामी एजेंडे में भी शामिल किया जा सके।
ज्ञापन सौंपने वालों में पवन बंसल, गिरीश चंद गोयल, त्रिलोक चन्द शर्मा, राजकुमार अग्रवाल, रिंकू अग्रवाल,संजीव जैन,पुनीत अग्रवाल सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

