हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। एमजी रोड स्थित भगवान वाल्मीकि मंदिर में बुधवार को सेनेटरी सुपरवाइजर संघ की महत्वपूर्ण बैठक एवं स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। बैठक में संगठन के विस्तार पर चर्चा करते हुए नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई।

बैठक में रंजीत नारवार को सेनेटरी सुपरवाइजर संघ का अध्यक्ष मनोनीत किया गया। उनकी नियुक्ति पर उपस्थित सदस्यों ने फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत किया और शुभकामनाएं दीं। वहीं संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से आउटसोर्सिंग प्रकोष्ठ का गठन किया गया, जिसकी जिम्मेदारी सुनील पारस को सर्वसम्मति से अध्यक्ष पद पर सौंपी गई।

नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन के हित में कार्य करने तथा सफाई कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प व्यक्त किया। इस अवसर पर पूर्व पार्षद जितेंद्र वाल्मीकि ने कहा कि रंजीत नारवार और सुनील पारस के नेतृत्व में सफाई नायकों का संवर्ग नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा तथा कर्मचारियों की आवाज को मजबूती मिलेगी।

बैठक में संगठन विस्तार, कर्मचारियों के हितों की रक्षा तथा नगर की सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित सदस्यों ने संगठन की एकजुटता बनाए रखते हुए कर्मचारियों के अधिकारों और कल्याण के लिए कार्य करने का भरोसा जताया।

इस अवसर पर रामजीलाल विद्यार्थी, राजकुमार विद्यार्थी, रोहित लवानिया, राजेश साहू, संजय पाथरे, शैलेंद्र पुंडीर, राकेश सिंह, भूदेव शर्मा, राजवीर बघेल, नीरज भाई, विशाल चौहान, कुलदीप गौहर, राजेश चौहान, शरद थनवार, मजीद मोहम्मद, संजय लहरी, आकाश कुमार, राज नारवार सहित सफाई संवर्ग के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।