हिंदी के शोधार्थी को छात्रवृत्ति देगी संस्था,डॉ.शशि तिवारी पुनःअध्यक्ष और डॉ.तरुण शर्मा महामंत्री निर्वाचित
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। प्रख्यात साहित्यकार बाबू गुलाब राय की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से साहित्यकारों, संस्कृतिकर्मियों एवं बुद्धिजीवियों ने राजामंडी मेट्रो स्टेशन का नाम बाबू गुलाब राय के नाम पर किए जाने की मांग उठाई है। इस संबंध में बाबू गुलाब राय स्मृति संस्थान की ओर से विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल को ज्ञापन सौंपकर शासन तक मांग पहुंचाने का अनुरोध किया गया।
यह निर्णय बाबू गुलाब राय स्मृति संस्थान की आम बैठक में लिया गया, जो दिल्ली गेट स्थित एमिनेंट होटल के सभागार में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता संस्थान की अध्यक्ष डॉ.शशि तिवारी ने की,जबकि मुख्य अतिथि विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल रहे।
बैठक में संस्थान द्वारा बाबू गुलाब राय के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर शोध करने वाले देश के किसी एक हिंदी शोधार्थी को छात्रवृत्ति प्रदान करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया,साथ ही पूर्व की भांति आगरा एवं बनारस के एक-एक मेधावी हिंदी विद्यार्थी को पुरस्कार राशि देकर सम्मानित करने का निर्णय भी बरकरार रखा गया।
इस अवसर पर बाबू गुलाब राय की स्मृति में राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई। उनके जीवन एवं साहित्यिक योगदान पर आधारित एक स्मारिका प्रकाशित करने का भी निर्णय लिया गया, जिसका प्रकाशन आगामी छह माह में किया जाएगा। संस्थान द्वारा अगले माह एक साहित्यिक कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा भी की गई।
बैठक में पिछली आम बैठक के निर्णयों एवं उनकी प्रगति की समीक्षा की गई तथा संस्था की गतिविधियों को अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई। कोषाध्यक्ष द्वारा प्रस्तुत आय-व्यय विवरण को उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से अनुमोदित किया। अंत में अध्यक्ष डॉ. शशि तिवारी ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
नई कार्यकारिणी का गठन :
बैठक में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। डॉ. शशि तिवारी को पुनः अध्यक्ष तथा डॉ. तरुण शर्मा को महामंत्री चुना गया। संस्था के संरक्षक डॉ. एस.पी. सिंह, वसुधा गुप्ता, डॉ. गिरधर शर्मा एवं डॉ. राजेंद्र मिलन बनाए गए। उपाध्यक्ष पद पर इंजीनियर राकेश कुमार, सुबोध शंकर एवं आदर्श नंदन गुप्त का चयन हुआ। मंत्री के रूप में संजय राय, डॉ. महेश धाकड़ एवं शरद गुप्त को जिम्मेदारी सौंपी गई। विजित गुप्ता को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। कार्यकारिणी सदस्यों में डॉ. वेद त्रिपाठी, अम्बरीष पटेल, डॉ. दीपशिखा, डॉ. सुनीता शर्मा, संजय गुप्त एवं डॉ. यशोयश शामिल हैं।
आगरा में बनेगा 'ठलुआ क्लब' :
बाबू गुलाब राय स्मृति संस्थान ने बनारस की तर्ज पर आगरा में भी "ठलुआ क्लब" की स्थापना करने का निर्णय लिया है। यह क्लब साहित्यकारों, संस्कृतिकर्मियों एवं बुद्धिजीवियों को एक मंच प्रदान करेगा तथा विविध साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का संचालन करेगा। संस्थान ने आगामी होली पर्व पर क्लब के बैनर तले एक रंगारंग एवं अनूठे सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन का भी निर्णय लिया है।


