हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा,12 जून। विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर जनपद आगरा में बाल श्रम उन्मूलन के प्रति जनसामान्य को जागरूक करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं श्रम विभाग द्वारा जन जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री मनीष बंसल ने कलेक्ट्रेट परिसर से ई-रिक्शा प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों का स्थान विद्यालय में है, न कि कार्यस्थलों पर। बाल श्रम जैसी सामाजिक बुराई के उन्मूलन के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे बाल श्रम की घटनाओं की सूचना संबंधित विभाग को दें तथा बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने में सहयोग करें।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (प्रोटोकॉल) सुश्री शगुन ओमर, सहायक श्रम आयुक्त, श्रम प्रवर्तन अधिकारीगण, श्रम विभाग के कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
जागरूकता वाहन जनपद के विभिन्न शहरी क्षेत्रों में भ्रमण कर बाल श्रम निषेध से संबंधित संदेशों का प्रचार-प्रसार करेगा। साथ ही लोगों को बाल श्रम के विरुद्ध सजग रहने तथा बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
विश्व बाल श्रम निषेध दिवस का उद्देश्य बाल श्रम के दुष्परिणामों के प्रति समाज को जागरूक करना तथा प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित बचपन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करना।
रिपोर्ट : असलम सलीमी

