सेवा ही संगठन का मूल मंत्र : संजय प्लेस में शरबत वितरण कर दी गर्मी से राहत



हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। प्रचंड गर्मी के बीच सामाजिक सरोकार का परिचय देते हुए,संजय प्लेस व्यापारी एसोसिएशन के सहयोग से शरबत वितरण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य भीषण गर्मी से परेशान राहगीरों, आम जनमानस तथा बाजार में आने-जाने वाले लोगों को राहत प्रदान करना था।

शरबत वितरण के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने इसका लाभ उठाया और गर्मी से कुछ राहत महसूस की। आयोजन में उपस्थित लोगों ने इस जनसेवा कार्य की सराहना करते हुए इसे मानवता की मिसाल बताया। कार्यक्रम सभी सहयोगी भाइयों के सामूहिक प्रयास से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

इस अवसर पर आयोजकों ने सभी सहयोगियों एवं व्यापारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी समाज सेवा, जनकल्याण एवं मानवता से जुड़े कार्य निरंतर जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि जनसेवा ही उनका संकल्प है और समाजहित में उनके प्रयास सदैव जारी रहेंगे।

कार्यक्रम के संयोजक धर्मेंद्र परमार (जिलाध्यक्ष,करनी सेना आगरा एवं अध्यक्ष,संजय प्लेस व्यापारी एसोसिएशन) ने कहा कि संगठन का मूल मंत्र सेवा है और जरूरतमंदों की सहायता के लिए सभी को आगे आना चाहिए।

इस अवसर पर देवेंद्र सिंह, जितेश बघेल, कृष्णा पंडित, उमंग गोयल, विष्णु, सुमित शर्मा एवं मुकुल माथुर सहित अनेक गणमान्य व्यापारी एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।