पुरुषोत्तम मास में ठाकुर जी के दिव्य नौका विहार ने भक्तों को कराया वृंदावन की लीलाओं का अनुभव



श्री गिरिराज जी सेवा मंडल परिवार ने किया नौका विहार,आम मनोरथ एवं प्रसादी महोत्सव का आयोजन

हिन्दुस्तान वार्ता।ब्यूरो

आगरा। पवित्र पुरुषोत्तम मास के अवसर पर श्री गिरिराज जी सेवा मंडल परिवार द्वारा फतेहाबाद रोड स्थित त्रिवेणी ग्रीन्स में ठाकुर जी का दिव्य नौका विहार, आम मनोरथ एवं प्रसादी महोत्सव श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ आयोजित किया गया। राधे-कृष्ण के जयघोष, भजन-कीर्तन एवं संकीर्तन से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा।

विशेष रूप से सुसज्जित नौका में विराजमान ठाकुर जी के मनोहारी स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालुओं ने स्वयं को धन्य अनुभव किया। नौका विहार की इस अलौकिक झांकी ने उपस्थित भक्तों को श्रीधाम वृंदावन की दिव्य लीलाओं का स्मरण करा दिया। भजन-कीर्तन के दौरान श्रद्धालु प्रभु भक्ति में भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए। कार्यक्रम में महिलाओं एवं युवाओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थापक अध्यक्ष नितेश अग्रवाल, सह-संस्थापक मयंक अग्रवाल, संरक्षक महंत कपिल नागर जी महाराज, अजय सिंघल, वीरेंद्र सिंघल, विजय अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विशाल बंसल, महामंत्री अंकुर अग्रवाल तथा कोषाध्यक्ष पुनीत अग्रवाल द्वारा श्रीनाथ जी के श्रीविग्रह के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर संस्थापक अध्यक्ष नितेश अग्रवाल ने कहा कि पुरुषोत्तम मास भगवान श्रीहरि की विशेष कृपा प्राप्त करने का श्रेष्ठ अवसर है। इस मास में की गई भक्ति, सेवा, दान और सत्संग का पुण्य अनेक गुना बढ़ जाता है। ठाकुर जी का नौका विहार भक्त और भगवान के प्रेम का अद्भुत प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना जागृत करने के साथ ही लोगों को धर्म, संस्कार और सेवा से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि श्री गिरिराज जी सेवा मंडल परिवार का उद्देश्य सनातन संस्कृति एवं भक्ति परंपराओं को जन-जन तक पहुंचाना है।

कार्यक्रम के संयोजक मयंक जैन, आशीष गुप्ता, अतुल गोयल एवं विकल गर्ग रहे। इस अवसर पर आशी अग्रवाल, शिवानी सिंघल, रुचि बंसल, कविता अग्रवाल, मीनाक्षी अग्रवाल, नीतू गुप्ता, साक्षी जैन, ज्योति अग्रवाल, मधु अग्रवाल, कल्पना जैन, सीमा अग्रवाल, अर्चना अग्रवाल, बबीता अग्रवाल एवं सारिका अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर ठाकुर जी की भव्य आरती उतारी गई तथा सभी श्रद्धालुओं को आम प्रसादी वितरित की गई। आयोजन में श्रद्धा, सेवा और भक्ति का अनुपम संगम देखने को मिला।