महिला नेताओं में बढ़ा विश्वास : ऑल आशा संगिनी कार्यकर्ती सेवा समिति में बड़ी ज्वाइनिंग

 


हिन्दुस्तानवार्ता। ब्यूरो

महिला नेताओं में बढ़ा विश्वास : ऑल आशा संगिनी कार्यकर्ती सेवा समिति में बड़ी ज्वाइनिंग समिति के बढ़ते जनाधार, संगठनात्मक मजबूती एवं आशा-आशा संगिनी बहनों के हितों के लिए किए जा रहे सतत संघर्ष से प्रभावित होकर विभिन्न संगठनों की वरिष्ठ महिला पदाधिकारियों ने समिति में अपना विश्वास व्यक्त करते हुए सदस्यता ग्रहण की है।

इसी क्रम में ए.टी.यू. (ATU) की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मी सिंह ने स्वेच्छा से अपने पूर्व संगठन से त्यागपत्र देकर ऑल आशा संगिनी कार्यकर्ती सेवा समिति की सदस्यता ग्रहण की। उनके लंबे अनुभव, संगठनात्मक क्षमता एवं आशा बहनों के हित में किए गए कार्यों को देखते हुए संगठन के राष्ट्रीय संरक्षक आशीष तिवारी एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष पुष्पा तिवारी की सहमति से उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त किया गया है।

इसके अतिरिक्त संगठन विस्तार अभियान के अंतर्गत मंडल अध्यक्ष चंपा गंगवार एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मंजू पटेल ने भी अपने पूर्व दायित्वों से इस्तीफा देकर ऑल आशा संगिनी कार्यकर्ती सेवा समिति में पूर्ण विश्वास व्यक्त किया तथा संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष पुष्पा तिवारी ने दोनों वरिष्ठ पदाधिकारियों की कार्यक्षमता एवं संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए मंजू पटेल को प्रदेश उपाध्यक्ष तथा चंपा गंगवार को प्रदेश महासचिव के पद पर नियुक्त किए जाने की घोषणा की।

इस अवसर पर राष्ट्रीय संरक्षक आशीष तिवारी ने कहा कि संगठन की बढ़ती स्वीकार्यता इस बात का प्रमाण है कि आशा एवं आशा संगिनी बहनों के अधिकार, सम्मान एवं मानदेय की लड़ाई सही दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने सभी नव नियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके अनुभव एवं नेतृत्व से संगठन और अधिक मजबूत होगा।

राष्ट्रीय अध्यक्ष पुष्पा तिवारी ने कहा कि संगठन में शामिल होने वाली सभी बहनों का सम्मानपूर्वक स्वागत है। समिति का उद्देश्य आशा एवं आशा संगिनी कार्यकर्तियों की समस्याओं को शासन स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना तथा उनके हितों की रक्षा करना है। नव नियुक्त पदाधिकारियों के सहयोग से यह अभियान और अधिक सशक्त होगा।

संगठन ने सभी नव नियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की है कि वे संगठन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने तथा आशा एवं आशा संगिनी बहनों के अधिकारों की लड़ाई को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।