संघ स्थापना की गौरवगाथा और तत्कालीन इतिहास का होगा जीवंत मंचन
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा, 9 जून। भारत विकास परिषद संकल्प एवं डॉ.हेडगेवार महानाट्य आयोजन समिति के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 21 जून 2026 को सूरसदन प्रेक्षागृह में आयोजित होने वाले भव्य महानाट्य "युगप्रवर्तक डॉ. हेडगेवार (संघ सृजन का नाट्य आविष्कार)" के टीज़र का लोकार्पण मंगलवार को किया गया।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की ऐतिहासिक गौरवगाथा तथा संघ संस्थापक परम पूजनीय डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के जीवन-दर्शन पर आधारित इस महानाट्य का मंचन नागपुर (महाराष्ट्र) से आने वाले 50 से अधिक कलाकारों की अनुभवी टीम द्वारा किया जाएगा। यह प्रस्तुति दर्शकों को इतिहास, राष्ट्रचेतना एवं संगठन निर्माण की प्रेरक यात्रा से परिचित कराएगी।
आगरा के नागरिकों को इस विशिष्ट नाट्य प्रस्तुति से अवगत कराने के उद्देश्य से डॉ.एम.पी.एस. वर्ल्ड स्कूल के स्वामी विवेकानंद सभागार में आयोजित टीज़र लोकार्पण समारोह में मुख्य अतिथि किशोर खन्ना, स्वागताध्यक्ष स्क्वाड्रन लीडर ए.के. सिंह तथा आयोजन समन्वयक डॉ.तरुण शर्मा ने संयुक्त रूप से टीज़र का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर आयोजन समिति के सदस्य वीरेंद्र सिंघल,भोला प्रसाद, साकेश अग्रवाल एवं सिद्धार्थ बंसल ने महानाट्य की सफलता के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
आयोजन समन्वयक डॉ.तरुण शर्मा ने बताया कि लगभग एक घंटा 45 मिनट की इस नाट्य प्रस्तुति में वर्ष 1920 से 1940 के मध्य भारत की राजनीतिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक परिस्थितियों के साथ उस कालखंड की महत्वपूर्ण ऐतिहासिक घटनाओं का सजीव एवं प्रभावशाली मंचन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह महानाट्य केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं होगा, बल्कि युवा पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण के इतिहास से परिचित कराने का भी सशक्त प्रयास सिद्ध होगा। कार्यक्रम में प्रवेश आमंत्रण पत्र के माध्यम से निशुल्क रहेगा।
कार्यक्रम में भारत विकास परिषद संकल्प के प्रो.(डॉ.) कैलाश चंद्र सारस्वत, टीटू गोयल, आशीष अग्रवाल, प्रशांत शर्मा, विजय जैन, रोहित पुरी, मनोज गोला, नवल किशोर एवं रोहित कत्याल की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। कार्यक्रम की विभिन्न व्यवस्थाओं का सफल संचालन डॉ. एम.पी.एस. वर्ल्ड स्कूल की प्रिंसिपल राखी जैन, चन्द्रशेखर एवं डॉ.प्रबल प्रताप सिंह द्वारा किया गया।

