हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
लखनऊ, 30 जुलाई। उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति (पुनर्गठित) ने गुरुवार को राजधानी के हजरतगंज चौराहे से फर्जी पत्रकारों, फर्जी प्रेस पहचान-पत्रों और अनधिकृत रूप से "प्रेस" लिखे वाहनों के खिलाफ प्रदेशव्यापी अभियान की शुरुआत की। अभियान का नेतृत्व समिति के संयोजक प्रभात कुमार त्रिपाठी ने किया।
अभियान के दौरान करीब 45 वाहनों की जांच की गई,जिनमें 12 वाहन संदिग्ध/फर्जी पाए गए। जांच में कई प्रतिष्ठित समाचार संस्थानों के पत्रकारों ने अपने परिचय-पत्र दिखाकर पूरा सहयोग किया। वहीं कुछ ऐसे वाहन भी मिले जिन पर बिना वैध अधिकार के "प्रेस" अंकित था। ऐसे लोगों को चेतावनी देकर भविष्य में प्रेस का दुरुपयोग न करने की हिदायत दी गई।
अभियान के शांतिपूर्ण संचालन में यातायात पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी, एसीपी ट्रैफिक प्रदीप कुमार यादव, टीआई शैलेश पांडे, टीएसआई वीरेंद्र प्रताप सिंह तथा हजरतगंज पुलिस का विशेष सहयोग रहा। समिति ने सभी पुलिस अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
समिति के अध्यक्ष विक्रम राव, महासचिव ज्ञानेश पाठक एवं संयोजक प्रभात कुमार त्रिपाठी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य वास्तविक पत्रकारों को परेशान करना नहीं, बल्कि फर्जी पत्रकारों और प्रेस के नाम के दुरुपयोग पर प्रभावी रोक लगाना है। उन्होंने बताया कि यह अभियान आगे भी पूरे प्रदेश में निरंतर जारी रहेगा।इस अवसर पर समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

