14 दिन बाद खुले श्रीजगन्नाथ के कपाट, नवयौवन स्वरूप के दर्शन से भावविभोर हुए श्रद्धालु



16 जुलाई को निकलेगी भव्य रथयात्रा, 15 जुलाई को होंगे दिव्य छप्पन भोग दर्शन

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। कमला नगर स्थित इस्कॉन मंदिर में सोमवार को शंखध्वनि और हरिनाम संकीर्तन के बीच 14 दिन बाद भगवान श्रीजगन्नाथ, बहन सुभद्रा और भाई बलभद्र के कपाट खोले गए। स्वास्थ्य लाभ के उपरांत भगवान ने नवयौवन स्वरूप में भक्तों को दर्शन दिए। मंदिर परिसर "हरे राम-हरे कृष्ण" के जयघोष और भक्ति गीतों से गूंज उठा। भगवान का कमल, बेला, मोगरा के पुष्पों, तुलसी की मालाओं और आकर्षक आभूषणों से विशेष श्रृंगार किया गया।

नेत्रोत्सव के अवसर पर श्रद्धालु बड़ी संख्या में मंदिर पहुंचे और कीर्तन-भजन करते हुए प्रभु के दर्शन किए। मंदिर को फूलों और रोशनी से भव्य रूप से सजाया गया। भक्तों ने गीत गोविंद और जगन्नाथ अष्टकम का गायन करते हुए भक्ति में सराबोर होकर नृत्य भी किया।

इस्कॉन आगरा के अध्यक्ष अरविंद प्रभु ने बताया कि भगवान को विशेष छप्पन भोग अर्पित किया गया। मंदिर की रसोई में 56 प्रकार के चावल तैयार किए गए, जबकि श्रद्धालु अपने घरों से मिट्टी के पात्रों में ढोकला, कचौड़ी, पूरी, पराठे, सब्जियां और विभिन्न मिठाइयां बनाकर भगवान को अर्पित करने पहुंचे।

उन्होंने बताया कि 15 जुलाई को शाम 4:30 बजे से रात 9:30 बजे तक दिव्य छप्पन भोग दर्शन होंगे। वहीं 16 जुलाई को दोपहर 2 बजे बल्केश्वर महादेव मंदिर से भगवान श्रीजगन्नाथ की भव्य रथयात्रा निकलेगी, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए शाम करीब 8 बजे कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर पहुंचेगी। लगभग 22 फुट ऊंचे और 18 फुट लंबे नंदीघोष रथ को विशेष रूप से सजाया जाएगा। रथयात्रा में देश-विदेश, विशेषकर यूक्रेन और रूस से आए श्रद्धालु भी शामिल होंगे।