बच्चों की पहल बनी मिसाल,'चैरिटी चेस 2.0' से जुटाई सहायता 5 अगस्त को वृन्दावन में होगी भेंट

 


हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। सामाजिक सेवा के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए शहर के स्कूली बच्चों और युवाओं ने 'चैरिटी चेस 2.0' के माध्यम से जरूरतमंद बच्चों की मदद का सराहनीय अभियान चलाया। सदर स्थित रमन्ना गार्डन में इंटरैक्ट डिस्ट्रिक्ट संस्था के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में एकत्रित फ्रिज सहित अन्य आवश्यक सामग्री 5 अगस्त को वृन्दावन जाकर जरूरतमंद एवं दृष्टिबाधित बच्चों को भेंट की जाएगी।

कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के वंचित वर्ग के बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना रहा। टीसा स्कूल, शिवालिक पब्लिक स्कूल, सेंट मार्क्स स्कूल और प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सेवा भावना का परिचय दिया। आयोजन में बच्चों के लिए ध्यान (मेडिटेशन) और जुम्बा सत्र भी आयोजित किए गए, जिनसे मानसिक स्वास्थ्य और फिटनेस का संदेश दिया गया।

आयोजकों ने बताया कि इस पहल का मकसद केवल सहायता सामग्री उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि जरूरतमंद बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाना और समाज में संवेदनशीलता का संदेश फैलाना है।

इस अवसर पर रिद्धि गुप्ता, सोहम भटनागर, हर्ष भारद्वाज, देवांशी सिंह, अर्ज रागिनी, निशांत शर्मा, तन्मय सेंगर, आराधिता शर्मा, आयुष, उज्ज्वल अग्रवाल सहित मार्गदर्शक गौरी, विक्रम गुप्ता तथा प्रशिक्षक सुनील और संयोगिता मौजूद रहे।