अगस्त में चलेगा 'आगरा मूव्स बेटर-2026' अभियान, हड्डियों व जोड़ों के स्वास्थ्य पर रहेगा फोकस

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। आगरा ऑर्थोपेडिक सोसाइटी (एओएस) ने शहर में हड्डियों एवं जोड़ों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए 'आगरा मूव्स बेटर-2026' जन-अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। हॉलिडे इन में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि पूरे अगस्त माह को इस अभियान के रूप में मनाने के लिए सामाजिक, शैक्षणिक,औद्योगिक एवं सेवा संस्थाओं से सहयोग लिया जाएगा।

सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ.अतुल कुलश्रेष्ठ ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में सभी वर्गों की भागीदारी आवश्यक है। वहीं, सचिव डॉ.संजय चतुर्वेदी ने बताया कि अभियान इंडियन ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन (आईओए) एवं उत्तर प्रदेश ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन (यूपीओए) की जन-जागरूकता पहल के अनुरूप होगा। इसके तहत ऑस्टियोपोरोसिस, गठिया, सही पोस्चर, गिरने से बचाव, व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अभियान की शुरुआत 2 अगस्त को पुलिस लाइन में पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारों के लिए निशुल्क बोन मिनरल डेंसिटी (बीएमडी) जांच, चयनित प्रतिभागियों की विटामिन-डी जांच, न्यूरोलॉजी परामर्श और स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम से होगी। इसके अलावा 4 अगस्त, राष्ट्रीय बोन एवं जॉइंट दिवस पर विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

सोसाइटी ने विद्यालयों, महाविद्यालयों, उद्योगों, स्वयंसेवी संस्थाओं, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों, महिला एवं वरिष्ठ नागरिक संगठनों सहित सभी सामाजिक संस्थाओं और शहरवासियों से इस अभियान से जुड़कर "मजबूत हड्डियाँ, स्वस्थ जीवन, बेहतर आगरा" के संकल्प को सफल बनाने की अपील की है।