AI, MSME, स्टार्टअप और डिजिटल परिवर्तन पर मंथन, देशभर के विशेषज्ञ व उद्योग जगत के प्रतिनिधि होंगे शामिल

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। कॉरपोरेट काउंसिल फॉर लीडरशिप एंड अवेयरनेस (CCLA) द्वारा 7 एवं 8 अगस्त 2026 को जेपी पैलेस होटल एंड कन्वेंशन सेंटर, आगरा में AI FutureReady Conclave 2026 का आयोजन किया जाएगा। इस राष्ट्रीय कॉन्क्लेव में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितिन प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

कॉन्क्लेव के औपचारिक आमंत्रण के लिए CCLA के प्रतिनिधि मंडल ने नई दिल्ली स्थित वाणिज्य भवन में केंद्रीय राज्य मंत्री से शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधि मंडल में डेवलपमेंट काउंसिल फॉर फुटवियर एंड लेदर इंडस्ट्री (DCFLI) एवं CCLA के चेयरमैन पूरन डावर, CCLA के महासचिव अजय शर्मा, कन्वीनर ब्रजेश शर्मा तथा काउंसिल फॉर लेदर एक्सपोर्ट्स (CLE) के रीजनल डायरेक्टर अतुल कुमार मिश्रा शामिल रहे।

भेंट के दौरान  जितिन प्रसाद ने AI FutureReady Conclave 2026 की अवधारणा की सराहना करते हुए कहा कि यह आयोजन कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), नवाचार, उद्योग, MSME, स्टार्टअप और डिजिटल परिवर्तन को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मंच बनेगा। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

दो दिवसीय कॉन्क्लेव में देशभर से नीति-निर्माता, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, तकनीकी विशेषज्ञ, शिक्षाविद्, निवेशक, स्टार्टअप और MSME उद्यमी भाग लेंगे। कार्यक्रम में AI आधारित नवाचार, स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, उभरती तकनीकों तथा 'विकसित भारत 2047' के लक्ष्य में कृत्रिम बुद्धिमत्ता की भूमिका पर व्यापक मंथन होगा।