इस्कॉन द्वारा 16 जुलाई को निकलेगी भव्य श्रीजगन्नाथ रथयात्रा, 14 जुलाई को नयन उत्सव और 15 जुलाई को छप्पन भोग का आयोजन
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। भगवान श्रीजगन्नाथ की भव्य रथयात्रा से पहले आगरा की पुरानी गलियां भक्ति और उत्साह से सराबोर नजर आईं। मृदंग और मंजीरों की मधुर ताल पर गूंजते "हरे कृष्ण, हरे कृष्ण... हरे राम, हरे राम..." के संकीर्तन के बीच इस्कॉन मंदिर के श्रद्धालुओं ने पुराने शहर में भव्य आमंत्रण यात्रा का आयोजन किया। कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर द्वारा (इस्कॉन) 16 जुलाई को होने वाले श्रीजगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव का निमंत्रण को जन-जन तक पहुंचाया।
सिर पर भगवान श्रीजगन्नाथ, बहन सुभद्रा और बड़े भाई बलराम के विग्रह स्वरूप विराजमान थे, जबकि श्रद्धालु भक्ति-भाव से कीर्तन करते हुए आगे बढ़ रहे थे। यात्रा के मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और जयघोष के साथ स्वागत कर धार्मिक उल्लास का वातावरण बना दिया।
पीपल वाले गेट से प्रारंभ हुई आमंत्रण यात्रा का शुभारंभ इस्कॉन आगरा के अध्यक्ष अरविन्द स्वरूप प्रभु ने भगवा ध्वज दिखाकर किया। यात्रा सिंधी बाजार, फव्वारा, किनारी बाजार, रावतपाड़ा, दरेसी और कचहरी घाट होते हुए बेलनगंज तिराहे पर पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में बड़ी संख्या में लोग अपने प्रतिष्ठानों और घरों से बाहर निकलकर यात्रा के दर्शन करते रहे, जबकि कई श्रद्धालु संकीर्तन की धुन पर भावविभोर होकर नृत्य करते दिखाई दिए। इस्कॉन आगरा के अध्यक्ष अरविन्द स्वरूप प्रभु ने बताया कि 16 जुलाई को बल्केश्वर महादेव मंदिर से श्रीजगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव का शुभारंभ होगा। इस ऐतिहासिक एवं भक्तिमय आयोजन में अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। इस अवसर पर मुख्य रूप से विमल नयन फतेहपुरिया, प्रदीप बंसल, शैलेन्द्र अग्रवाल, नितेश अग्रवाल, संजय कुकरैजा, सूरज, राजेश मल्होत्रा आदि उपस्थित थे।
14 जुलाई को नयन उत्सव, 15 को छप्पन भोग, 16 को भव्य रथयात्रा
श्रीजगन्नाथ मंदिर (इस्कॉन), रश्मि नगर, कमला नगर में 14 जुलाई को नयन उत्सव आयोजित होगा। स्नान पूर्णिमा के बाद 14 दिनों के विश्राम उपरांत भगवान श्रीजगन्नाथ, बहन सुभद्रा और भाई बलराम भक्तों को पुनः दर्शन देंगे। 15 जुलाई को छप्पन भोग एवं फूल बंगला की मनोहारी झांकी सजाई जाएगी, जबकि 16 जुलाई को बल्केश्वर महालक्ष्मी मंदिर से भव्य श्रीजगन्नाथ रथयात्रा निकाली जाएगी।
इसके अलावा 12 जुलाई, शाम 5 बजे बल्केश्वर महादेव मंदिर से एक और आमंत्रण यात्रा निकलेगी, जो बल्केश्वर और कमला नगर क्षेत्र का भ्रमण करते हुए रश्मि नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर पहुंचेगी। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से दर्शन लाभ का आग्रह किया।




