TTZ मामले में सुप्रीम कोर्ट में प्रभावी पैरवी और गृहकर में राहत पर जताया आभार,आगरा में दो नए औद्योगिक क्षेत्रों व आईटी पार्क की उठी मांग
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगरा प्रवास के दौरान सर्किट हाउस में शहर के प्रमुख औद्योगिक संगठनों एवं उद्यमियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम लिमिटेड के अध्यक्ष राकेश गर्ग के नेतृत्व में पहुंचे उद्यमियों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया तथा उद्योग हित में लिए गए निर्णयों के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
प्रतिनिधि मंडल ने लघु उद्योग भारती की मांग पर प्रदेश सरकार द्वारा उद्योगों पर गृहकर की दर को तीन गुना से घटाकर एक गुना किए जाने के निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद दिया। साथ ही अक्टूबर 2024 से ताज ट्रेपेजियम जोन (TTZ) क्षेत्र के उद्योगों पर लागू प्रतिबंधों के मामले में सर्वोच्च न्यायालय में प्रदेश सरकार की प्रभावी पैरवी के परिणामस्वरूप उद्योगों को मिली राहत के लिए भी मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भविष्य की औद्योगिक आवश्यकताओं को देखते हुए प्रदेश में प्लग एंड प्ले प्लेटेड फैक्ट्री परिसरों का तेजी से विकास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भूमि की उपलब्धता और लागत को देखते हुए ऐसे औद्योगिक परिसर उद्योगों के विस्तार का आधार बनेंगे। मुख्यमंत्री ने आगरा में निर्माणाधीन प्लेटेड फैक्ट्री परिसर की प्रगति की जानकारी भी उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम लिमिटेड के अध्यक्ष राकेश गर्ग से ली।
लघु उद्योग भारती के जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता ने मुख्यमंत्री से TTZ क्षेत्र के उद्योगों के लिए विशेष औद्योगिक पैकेज लागू करने तथा आगरा में बढ़ती औद्योगिक आवश्यकताओं को देखते हुए दो नए औद्योगिक क्षेत्रों की स्थापना करने का आग्रह किया।
बैठक में 'एक जिला एक व्यंजन' (ODOC) योजना के तहत खाद्य उद्योग को मिल रहे प्रोत्साहन की सराहना की गई। उद्यमियों ने उत्तर प्रदेश के खाद्य उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए विशेष योजना बनाने का सुझाव भी दिया।
यूपी वेडिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने उत्तर प्रदेश को राजस्थान की तर्ज पर वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने तथा आगरा को वेडिंग सिटी के रूप में स्थापित करने का प्रस्ताव रखा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सहयोग से वैवाहिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
नेशनल चैंबर के अध्यक्ष मनोज बंसल ने मुख्यमंत्री के समक्ष आगरा में आईटी पार्क की स्थापना का प्रस्ताव रखा। मुख्यमंत्री ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार आगरा के औद्योगिक विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा दो नए औद्योगिक क्षेत्रों के विकास की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
इस अवसर पर राकेश गर्ग, अध्यक्ष उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम लिमिटेड, विजय गुप्ता, जिलाध्यक्ष लघु उद्योग भारती, मनीष अग्रवाल, प्रदेश सचिव लघु उद्योग भारती एवं प्रदेश अध्यक्ष यूपी वेडिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री को आगरा की प्रसिद्ध मार्बल हैंडीक्राफ्ट कलाकृति भेंट कर सम्मानित किया।
बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल, एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी, पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल जैन, समाजसेवी सुनील जैन, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, जिलाध्यक्ष प्रशांत पुनिया, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया, पूर्व महानगर अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल में विजय गुप्ता (जिलाध्यक्ष, लघु उद्योग भारती), मनीष अग्रवाल (प्रदेश सचिव, लघु उद्योग भारती एवं प्रदेश अध्यक्ष, यूपी वेडिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन), भुवेश अग्रवाल (आगरा कोल्ड स्टोरेज एसोसिएशन), मनोज बंसल (अध्यक्ष, नेशनल चैंबर) तथा प्रह्लाद अग्रवाल (अध्यक्ष, टूरिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन) शामिल रहे।
बैठक के अंत में उद्यमियों ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश सरकार के सहयोग से आगरा का औद्योगिक विकास आगामी वर्षों में नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।

