नर्वदेश्वर महादेव मंदिर से निकली भव्य कलश यात्रा, 150 महिलाओं ने लिया भाग

 


हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। आरबीएस फ्लावर के सामने स्थित नर्वदेश्वर महादेव मंदिर से मंगलवार शाम श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ से पूर्व भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा में करीब 150 महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर श्रद्धा और उत्साह के साथ भाग लिया। हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।

कलश यात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर काले का ताल, मड़िया कटरा और फ्लावर क्षेत्र से होते हुए पुनः मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। बैंड-बाजों, ढोल-नगाड़ों और भजनों की मधुर धुन पर श्रद्धालु झूमते रहे। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर कलशधारियों का स्वागत किया गया।

कथा संयोजक कमल अग्रवाल ने बताया कि 6 से 12 अगस्त तक प्रतिदिन दोपहर 2 से शाम 6 बजे तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होगा। कथा का वाचन वृंदावन के कथावाचक श्री भरत लाल शास्त्री महाराज करेंगे। प्रतिदिन कथा, कीर्तन एवं आरती का आयोजन भी होगा।

उन्होंने क्षेत्रवासियों से परिवार सहित कथा श्रवण के लिए पहुंचने का आह्वान करते हुए कहा कि भगवान की कथा जीवन को सार्थक बनाती है और यह आयोजन क्षेत्र की आस्था एवं एकता का प्रतीक है।

इस अवसर पर सुरेंद्र सिंह भोर, राकेश वर्मा, रामकुमार खंडेलवाल, अजय बंसल, कृष्ण मित्तल, अनिल चौरसिया, सनी शर्मा, हनी अग्रवाल, नितेश अग्रवाल, रिकी पवार, भानु शर्मा, विष्णु चौधरी, श्रीमती नीतू सिंह, रेखा सिंह, बृजेश चौहान, आशु सिकरवार, श्रीमती प्रीति अग्रवाल, निशा अग्रवाल, मोना अग्रवाल, निशु, गुल्लू, रुनझुन, पीहू, बाबू, अंशू सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।