'रीथिंकिंग स्टूडेंट डेवलपमेंट' विषय पर विशेषज्ञों ने साझा किए नए शैक्षणिक दृष्टिकोण
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। आईबीएस (ICFAI Business School) बिज़नेस स्कूल द्वारा रविवार को फतेहाबाद रोड स्थित होटल अतिथि में हेड ऑफ डिपार्टमेंट (HOD) एवं ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिसर्स (TPO) मीट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आगरा के 12 शिक्षण संस्थानों एवं विश्वविद्यालयों से लगभग 30 विभागाध्यक्ष, प्रोफेसर और ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट अधिकारियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण फैकल्टी नॉलेज शेयरिंग सत्र रहा, जिसमें आईबीएस गुरुग्राम की डीन (एकेडेमिक्स) डॉ. प्राप्ति पॉल ने "रीथिंकिंग स्टूडेंट डेवलपमेंट: स्ट्रेटेजी एंड न्यू पैराडाइम" विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने बदलते शैक्षणिक परिवेश, विद्यार्थियों के समग्र विकास, उद्योग की अपेक्षाओं तथा रोजगारोन्मुखी शिक्षा के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का स्वागत एवं परिचय प्रतीक अग्रवाल, सीनियर मैनेजर, आईबीएस बिज़नेस स्कूल ने कराया।
उन्होंने बताया कि आईबीएस की स्थापना वर्ष 1995 में हुई थी और वर्तमान में हैदराबाद, मुंबई, गुरुग्राम, बेंगलुरु, पुणे, कोलकाता, अहमदाबाद, देहरादून एवं जयपुर सहित देशभर में इसके नौ कैंपस संचालित हैं। संस्थान से अब तक 79 हजार से अधिक विद्यार्थी प्रबंधन शिक्षा प्राप्त कर देश-विदेश की प्रतिष्ठित संस्थाओं में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
डॉ. प्राप्ति पॉल ने अपने 15 वर्षों से अधिक के शैक्षणिक एवं शोध अनुभव के आधार पर फैकल्टी विकास, रिसर्च और ट्रेनिंग-प्लेसमेंट की नई रणनीतियों पर भी विचार साझा किए।
कार्यक्रम के अंत में आईबीएस बिज़नेस स्कूल के आगरा सूचना कार्यालय ने मुख्य वक्ता एवं सभी प्रतिभागियों का आभार
व्यक्त किया।
रिपोर्ट : असलम सलीमी

