फुलट्टी बाजार से निकली देशभक्ति की गूंज, शहीदों को दी श्रद्धांजलि
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर फुलट्टी बाजार के ऐतिहासिक चौक से भारत माता की भव्य झांकी घोड़ों की बग्गी में परंपरागत रूप से निकाली गई। देशभक्ति के तरानों के बीच सैकड़ों की संख्या में कांग्रेसजन एवं समाजसेवी जुलूस में शामिल हुए। इस दौरान शहीदों की जय-जयकार और भारत माता के जयघोष से पूरा मार्ग गूंज उठा।
फुलट्टी चौराहे पर पार्षद आरती शर्मा ने भारत माता के स्वरूप को माला पहनाकर भव्य स्वागत किया। इसके बाद जुलूस फुलट्टी बाजार से जामा मस्जिद, रावतपाड़ा, गुदड़ी मंसूर खां, बेलनगंज, कचहरी घाट और अचल भवन होते हुए दरेसी के सामने स्थित पुरानी चुंगी के मैदान पहुंचा। यहां शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके बलिदान को नमन किया गया।
जुलूस में प्रमुख रूप से भारत भूषण (गप्पी), राम टंडन, अश्वनी जैन, पं. नवीन चन्द्र शर्मा, अज़हर वारसी, अहमद हसन और अपूर्व शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन, समाजसेवी एवं क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के बलिदान के कारण ही देश आज स्वतंत्रता की सांस ले रहा है। हमें उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारकर देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को मजबूत करना चाहिए।



