हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। लायंस क्लब एमजेएफ कोहिनूर की ओर से पालीवाल पार्क में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। क्लब की सदस्याओं ने उत्साहपूर्वक पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण और शहर को हरा-भरा बनाने का संदेश दिया। इस दौरान लगाए गए पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया गया।
अभियान के दौरान मौलश्री, अंकोल, अर्जुन, लाल सेमल और बरगद जैसे छायादार एवं पर्यावरणोपयोगी पौधे लगाए गए। क्लब की अध्यक्ष उषा अग्रवाल, सचिव सुषमा जैन और कोषाध्यक्ष नीलम अग्रवाल ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पौधारोपण के साथ उनकी देखभाल भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने इस मुहिम को भविष्य में और व्यापक स्तर पर जारी रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में क्लब की सदस्याओं मीना अग्रवाल, बबीता अग्रवाल, सीमा अग्रवाल, रानी अग्रवाल, रूबी जैन, रुचि अग्रवाल और बबली अग्रवाल की सक्रिय सहभागिता रही।
क्लब सदस्यों ने कहा कि आज लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, हरियाली और सुरक्षित पर्यावरण का उपहार है।
रिपोर्ट : असलम सलीमी

