खाद्य सुरक्षा समिति के सभापति विजय शिवहरे का चैंबर ने किया भव्य स्वागत





हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की प्रदेश स्तरीय समिति का सभापति मनोनीत किए जाने पर विधान परिषद सदस्य (आगरा-फिरोजाबाद) विजय शिवहरे का चैंबर ऑफ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।

चैंबर अध्यक्ष राजकुमार भगत ने माल्यार्पण कर विजय शिवहरे का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि चैंबर से जुड़े व्यापारी एवं उद्यमी खाद्य सुरक्षा के सभी मानकों का पूर्ण पालन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। विभागीय जांच का स्वागत है, लेकिन जांच की आड़ में व्यापारियों का उत्पीड़न किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सभापति विजय शिवहरे ने स्वागत के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार व्यापारियों और उद्यमियों के साथ मिलकर कार्य कर रही है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधियों की गुणवत्ता को लेकर सरकार गंभीर है। जनता को स्वस्थ, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जा रही है, जिसमें उद्योग एवं उद्यमियों के हितों का भी ध्यान रखा जाएगा।

उन्होंने कहा कि सरकार ने उन्हें जो दायित्व सौंपा है, उसका वह पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे। व्यापारी होने के नाते वह व्यापारियों की समस्याओं और उद्योग की चुनौतियों को भली-भांति समझते हैं।

चैंबर ने रखीं प्रमुख मांगें

चैंबर सचिव विकास चतुर्वेदी ने मांग रखी कि खाद्य पदार्थों के सैंपल लेने से लेकर प्रयोगशाला तक पहुंचने की प्रक्रिया में उनकी सेल्फ लाइफ एवं गुणवत्ता सुरक्षित रखने के लिए विशेष एसओपी और कार्ययोजना बनाई जाए।

मुख्य सलाहकार मनीष अग्रवाल (रावी) ने कहा कि सैंपल फेल होने की स्थिति में निर्माता के साथ C&F, डिस्ट्रीब्यूटर और रिटेलर को भी पक्षकार बना दिया जाता है। उन्होंने मांग की कि उत्पादन प्रक्रिया की तकनीकी जिम्मेदारी निर्माता की होने के कारण ऐसी स्थिति में केवल निर्माता को ही जिम्मेदार बनाया जाए।

उन्होंने यह भी मांग की कि किसी उत्पाद के संबंध में मुकदमा दर्ज होने पर उसकी सुनवाई उसी जनपद में हो, जहां संबंधित मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थित है। दूसरे राज्यों में उत्पाद की बिक्री होने पर वहां कानूनी प्रक्रिया में शामिल होना उद्यमियों के लिए कठिन होता है।

कार्यक्रम में एसोसिएशन के महासचिव अनुज सिंघल, श्रीराम पूरी से रजत खंडेलवाल, ब्रज रसायन से तुषार गुप्ता, दिवाकर गुप्ता, देवीराम हलवाई से राजेश अग्रवाल सहित चैंबर के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में चैंबर की एडमिनिस्ट्रेटर अपरार्क शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया।