योगी को ‘हिंदी काव्य भूषण’,आदर्श को ‘संपादक रत्न’ और मधुकर को ‘पत्रकार प्रवर संपादक’ की उपाधि



साहित्य मंडल,श्रीनाथद्वारा में तीन दिवसीय साहित्य समारोह का समापन

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। राजस्थान के श्रीनाथद्वारा स्थित प्रतिष्ठित साहित्य मंडल में आयोजित तीन दिवसीय साहित्य समारोह का 14 सितंबर को समापन हुआ। समारोह में आगरा की तीन साहित्यिक एवं पत्रकारिता क्षेत्र की विभूतियों को मानद उपाधियों से अलंकृत किया गया।

रामकथा वाचक एवं ‘रामायणी सम्मान’ से सम्मानित कवि पं. योगेशचंद शर्मा ‘योगी’ को ‘हिंदी काव्य भूषण’, वरिष्ठ पत्रकार आदर्श नंदन गुप्ता को ‘संपादक रत्न’ तथा वरिष्ठ पत्रकार मधुकर चतुर्वेदी को ‘पत्रकार प्रवर संपादक’ की उपाधि प्रदान की गई। तीनों को उपाधि-पत्र, श्रीनाथजी की छवि, प्रसाद, मेवाड़ी पगड़ी, शॉल, श्रीफल एवं माला पहनाकर सम्मानित किया गया। सम्मानित विभूतियों का गद्यात्मक एवं पद्यात्मक परिचय भरतपुर के कवि हरिओम हरि और नरेंद्र निर्मल ने प्रस्तुत किया।

श्री भगवती प्रसाद देवपुरा प्रेक्षागृह में 12 सितंबर से शुरू हुए समारोह के समापन अवसर पर चंडीगढ़ से आए हिंदी विद्वान डॉ. अमर सिंह बधान एवं भरतपुर के पं. ब्रजेश कौशिक मुख्य अतिथि रहे। अध्यक्षता साहित्य मंडल के अध्यक्ष पं. मदन मोहन शर्मा ने की। दिल्ली के वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. राहुल विशिष्ट अतिथि रहे। साहित्य मंडल के प्रधानमंत्री श्याम देवपुरा ने संचालन किया।

देशभर से जुटे साहित्यकार :

समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार की पत्रिका ‘उत्तर प्रदेश’ के संपादक डॉ. दिनेश कुमार गुप्ता, कथाकार गोपाल कृष्ण हांडा तथा एम.एल. चतुर्वेदी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। विभिन्न सत्रों में देश के अलग-अलग राज्यों से आए साहित्यकारों ने साहित्य, हिंदी भाषा और पत्रकारिता के विभिन्न पहलुओं पर विचार रखे।

मथुरा के डॉ. अंजीव रावत ने गणेश वंदना, भरतपुर के हरिओम हरि ने सरस्वती वंदना, अलवर के नानक चंद नवीन ने श्रीनाथ वंदना तथा गौरांग देवपुरा ने हिंदी गीत प्रस्तुत किया।

विभिन्न स्मृति सम्मानों से साहित्यकार सम्मानित :

समारोह में कोयंबटूर के संतोष कुमार आर.जे. जमी को जीवनलाल अग्निहोत्री स्मृति सम्मान एवं ‘साहित्य मर्मज्ञ’ उपाधि प्रदान की गई। नई दिल्ली के प्रो. नरेंद्र मिश्र और झांसी के प्रो. मुन्ना तिवारी को भगवती प्रसाद देवपुरा स्मृति सम्मान, तेलंगाना की डॉ. ए. अनुराधा को सोहनी देवी गिलड़ा स्मृति सम्मान, हैदराबाद के डॉ. सुरेश कुमार मिश्र ‘उरतृप्त’ को डॉ. दाऊ दयाल गुप्ता स्मृति सम्मान तथा हैदराबाद की डॉ. कुमुद बाला को सूरज केसरी फरक्या स्मृति सम्मान प्रदान किया गया।

इसी क्रम में जम्मू-कश्मीर के डॉ. शशिकांत मिश्र को रामस्वरूप सिंगल स्मृति सम्मान तथा चेन्नई की आर. श्रीदेवी और डॉ. मंजू रूस्तगी को रामस्वरूप अग्रवाल स्मृति सम्मान एवं ‘हिंदी भाषा शिरोमणि’ उपाधि से सम्मानित किया गया।समारोह के दौरान विभिन्न साहित्यिक पुस्तकों का लोकार्पण भी किया गया।