MITRA (NMM) के प्रभावी कार्यान्वयन, डिजिटल प्लेटफॉर्म के प्रशिक्षण एवं शिक्षक शिक्षा की गुणवत्ता पर हुआ मंथन
हिन्दुस्तान वार्ता।ब्यूरो
आगरा, 27 अक्टूबर। डॉ.भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा में राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद् (NCTE), भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अंतर्गत राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों की क्षमता निर्माण विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। कॉन्क्लेव का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन को गति प्रदान करना, शिक्षक शिक्षा की गुणवत्ता को सुदृढ़ करना तथा MITRA (NMM) को अपनाने के लिए राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों की संस्थागत एवं तकनीकी क्षमताओं का विकास करना रहा।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की महामहिम राज्यपाल एवं प्रदेश के राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल, उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा राज्य मंत्री श्री योगेंद्र उपाध्याय, NCTE के अध्यक्ष प्रो. पंकज अरोड़ा, संस्कृत प्रमोशन फाउंडेशन के निदेशक प्रो. चाँद किरण सलूजा तथा डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशू रानी सहित विभिन्न राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों से आए शिक्षाविद्, नीति-निर्माता, शिक्षक-प्रशिक्षक एवं संबंधित संस्थानों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के लक्ष्यों की प्राप्ति पर बल :
कार्यक्रम का स्वागत उद्बोधन विश्वविद्यालय के डीन अकादमिक प्रो. मनु प्रताप सिंह ने प्रस्तुत किया। उन्होंने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए राष्ट्रीय कॉन्क्लेव की प्रासंगिकता, शैक्षणिक महत्त्व तथा शिक्षक शिक्षा के क्षेत्र में सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
कॉन्क्लेव की रूपरेखा, लक्ष्य एवं उद्देश्यों को NCTE के अकादमिक सलाहकार प्रो. दिनेश कुमार चतुर्वेदी ने विस्तार से प्रस्तुत किया। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के उद्देश्यों की प्राप्ति के लिए राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के बीच समन्वय, संस्थागत तैयारी तथा प्रभावी कार्यान्वयन की आवश्यकता को रेखांकित किया।
तकनीकी सत्र-I में MITRA (NMM) के कार्यान्वयन पर विस्तृत चर्चा :
कॉन्क्लेव के प्रथम दिवस के तकनीकी सत्र-I का प्रमुख विषय “राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अंतर्गत MITRA (NMM) को अपनाने हेतु राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों की क्षमता निर्माण” रहा। सत्र में MITRA (NMM) की अवधारणा, मार्गदर्शक सिद्धांतों, कार्यप्रणाली, कार्यान्वयन की रणनीति तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म की उपयोगिता पर केंद्रित विचार-विमर्श किया गया।
संस्कृत प्रमोशन फाउंडेशन के निदेशक प्रो. चाँद किरण सलूजा ने MITRA (NMM) के दृष्टिकोण, मार्गदर्शक सिद्धांतों, कार्यप्रणाली एवं कार्यान्वयन की रूपरेखा पर प्रकाश डाला। NTA के सलाहकार डॉ. ज्ञानेंद्र कुमार ने इसके क्रियान्वयन की रणनीति तथा संस्थागत स्तर पर इसकी उपयोगिता को स्पष्ट किया।
शिक्षा मंत्रालय की अकादमिक समन्वयक डॉ. पारुल सिंह ने MITRA के डिजिटल पोर्टल एवं मोबाइल एप्लिकेशन का प्रदर्शन किया। NCTE के तकनीकी सलाहकार श्री सौरभ सिंह ने डिजिटल प्लेटफॉर्म की कार्यप्रणाली एवं तकनीकी विशेषताओं की जानकारी दी, जबकि NCTE के सलाहकार श्री मुकुंद कुमार झा ने पोर्टल एवं मोबाइल एप्लिकेशन का व्यावहारिक प्रदर्शन प्रस्तुत किया।
दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रो. रजनी रंजन सिंह ने संवादात्मक सत्र का संचालन करते हुए प्रतिभागियों के प्रश्नों एवं जिज्ञासाओं पर चर्चा की। NCTE के वरिष्ठ अकादमिक सलाहकार श्री सुनील बजाज ने MITRA के कार्यान्वयन से संबंधित सुझावों, अनुभवों तथा व्यावहारिक चुनौतियों पर विचार-विमर्श किया। बिहार विश्वविद्यालय के प्रो. आशीष श्रीवास्तव ने डिजिटल पोर्टल पर व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं ऑनबोर्डिंग प्रक्रिया पर जानकारी दी। वहीं, NCTE की तकनीकी सहायता टीम के श्री मनीष सिंह एवं उनकी टीम ने पोर्टल पर पंजीकरण, ऑनबोर्डिंग तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग का प्रशिक्षण प्रदान किया।
तकनीकी सत्र में डिजिटल सुविधाओं के प्रदर्शन, व्यावहारिक प्रशिक्षण तथा संवाद के माध्यम से प्रतिभागियों को MITRA (NMM) के प्रभावी उपयोग एवं कार्यान्वयन से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई।
महामहिम राज्यपाल का विशेष अध्यक्षीय उद्बोधन :
कॉन्क्लेव में उत्तर प्रदेश की महामहिम राज्यपाल एवं राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने विशेष अध्यक्षीय उद्बोधन दिया। उनके उद्बोधन का प्रमुख केंद्र राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 का प्रभावी क्रियान्वयन, शिक्षक शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, संस्थागत तैयारी, सामूहिक उत्तरदायित्व तथा शैक्षिक नवाचार को प्रोत्साहित करना रहा।
उन्होंने शिक्षक शिक्षा को सशक्त बनाने, शैक्षणिक संस्थानों की कार्यक्षमता बढ़ाने तथा शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए समन्वित प्रयासों के महत्त्व पर बल दिया। कॉन्क्लेव ने इस दिशा में विभिन्न राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के प्रतिनिधियों को अपने अनुभव साझा करने और कार्यान्वयन की रणनीतियों पर विचार-विमर्श करने का महत्त्वपूर्ण मंच प्रदान किया।
राष्ट्रीय कॉन्क्लेव का संचालन डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के आईटी संस्थान के शिक्षक डॉ. प्रमोद कुमार एवं सुश्री मनीषा यादव ने किया। कार्यक्रम के अंत में NCTE के सह-अकादमिक सलाहकार श्री सुनील बजाज ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
यह राष्ट्रीय कॉन्क्लेव राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के उद्देश्यों की प्राप्ति,शिक्षक शिक्षा के सुदृढ़ीकरण तथा राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों में MITRA (NMM) के प्रभावी अंगीकरण हेतु संस्थागत सहयोग, तकनीकी दक्षता और शैक्षणिक समन्वय को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण पहल रहा।

