हिन्दुस्तान वार्ता।ब्यूरो
आगरा। आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ.भोज कुमार शर्मा ने सैकड़ों शिक्षक प्रतिनिधियों एवं समर्थकों की मौजूदगी में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान शिक्षक प्रतिनिधियों ने डॉ. शर्मा के समर्थन में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
डॉ. भोज कुमार शर्मा ने कहा कि नामांकन केवल चुनावी प्रक्रिया का एक चरण है, बल्कि वास्तविक जिम्मेदारी शिक्षक समाज की आवाज, सम्मान,अधिकार और सेवा-सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को लोकतांत्रिक मंच तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि शिक्षक राष्ट्र के भविष्य का निर्माण करने वाली महत्वपूर्ण शक्ति हैं। शिक्षक केवल ज्ञान प्रदान नहीं करते, बल्कि समाज को विचार, संस्कार और दिशा भी देते हैं। ऐसे में शिक्षकों से जुड़े विषयों पर गंभीर और तथ्यपरक प्रतिनिधित्व आवश्यक है।
डॉ. शर्मा ने सेवा-सुरक्षा, पुरानी पेंशन,चिकित्सा सुविधाएं, वित्तीय न्याय और सम्मानजनक कार्य-परिस्थितियों जैसे मुद्दों को प्राथमिकता से उठाने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज के प्रश्नों को तथ्य, तर्क और संवैधानिक अधिकारों के आधार पर लोकतांत्रिक मंच पर प्रस्तुत करने का प्रयास किया जाएगा।
नामांकन के अवसर पर उन्होंने शिक्षक समुदाय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, “गुरुजनों के चरणों में वंदन, ज्ञान के दीपकों को नमन। शिक्षक का सम्मान-राष्ट्र का सम्मान।”
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ पाण्डेय गुट द्वारा समर्थित डॉ. भोज कुमार शर्मा ने कहा कि यह यात्रा किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि शिक्षक समाज के प्रश्नों और अपेक्षाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था तक पहुंचाने की यात्रा है।इस अवसर पर बड़ी संख्या में शिक्षक प्रतिनिधि एवं समर्थक मौजूद रहे।


