18वें ‘मीट एट आगरा’ का आगरा ट्रेड सेंटर में शुभारंभ, 11 देशों के प्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। लेदर और फुटवियर उद्योग से जुड़ी चुनौतियों के समाधान के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उद्योग से जुड़े उद्यमी अपनी नीतिगत समस्याओं, व्यावहारिक दिक्कतों और सुझावों को संबंधित समिति के समक्ष रख सकते हैं। संबंधित विभागों के समन्वय से समस्याओं के समयबद्ध समाधान का प्रयास किया जाएगा। यह बात उत्तर प्रदेश स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने शनिवार को कही।
वह आगरा ट्रेड सेंटर, सींगना में आयोजित 18वें ‘मीट एट आगरा’ के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। तीन दिवसीय इस फेयर का शुभारंभ मनोज कुमार सिंह और आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने घंटा एवं शंख ध्वनि के बीच किया।
मनोज कुमार सिंह ने कहा कि आगरा का लेदर एवं फुटवियर उद्योग प्रदेश की अर्थव्यवस्था, निर्यात और रोजगार में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। वैश्विक कारोबारी परिस्थितियों में हो रहे बदलावों को देखते हुए उद्योग को नई तकनीक, गुणवत्ता, डिजाइन, उत्पादकता और कौशल विकास पर विशेष ध्यान देना होगा। इससे भारतीय उद्योग की वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को मजबूत किया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि लेदर सेक्टर से जुड़े विषयों और चुनौतियों के समाधान के लिए उनके नेतृत्व में एक समिति का गठन किया गया है। निर्यातकों और उद्यमियों से उन्होंने अपील की कि वे केवल समस्याएं ही नहीं, बल्कि उनके व्यावहारिक समाधान और सुझाव भी समिति के समक्ष रखें। इससे प्रदेश में उत्पादन, निवेश, निर्यात और रोजगार को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।
11 देशों की भागीदारी, चाइना पवेलियन आकर्षण का केंद्र :
18वें ‘मीट एट आगरा’ में भारत के अलावा चीन समेत 11 देशों की कंपनियों और प्रतिनिधियों की सहभागिता रही। फुटवियर कंपोनेंट्स, मटीरियल्स, मशीनरी, तकनीक और औद्योगिक सहयोग से जुड़े उत्पादों एवं तकनीकों को प्रदर्शित किया जा रहा है। मेले में चाइना पवेलियन विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
आयोजकों के अनुसार, फेयर का उद्देश्य फुटवियर उद्योग से जुड़े निर्माताओं, निर्यातकों, खरीदारों, तकनीकी विशेषज्ञों और विदेशी कंपनियों को एक मंच पर लाना है। मेले के माध्यम से नई तकनीक, आधुनिक मशीनरी, कंपोनेंट्स और उत्पादन से जुड़ी नवीन संभावनाओं की जानकारी उद्योग जगत को मिल रही है।
उत्कृष्ट प्रतिभाओं का सम्मान :
उद्घाटन समारोह के दौरान फुटवियर एवं कंपोनेंट्स उद्योग में उल्लेखनीय योगदान देने वाली उत्कृष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित भी किया गया। आयोजन में उद्योग से जुड़े उद्यमियों, निर्यातकों और विशेषज्ञों की सहभागिता रही।
‘मीट एट आगरा’ का आयोजन तीन दिनों तक चलेगा, जिसमें फुटवियर उद्योग से संबंधित उत्पादों, तकनीक और मशीनरी का प्रदर्शन किया जा रहा है।

