सामाजिक समरसता का संदेश लेकर एक माह चलेगी यात्रा,सभी समाजों के महापुरुषों का होगा सम्मान




भाजपा नेता सीटू चौहान 3 नवंबर से एत्मादपुर क्षेत्र के गांवों और कस्बों में करेंगे भ्रमण, सहभोज के जरिए भाईचारे और एकता को बढ़ावा देने की पहल

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। समाज में जातिगत भेदभाव को दूर कर सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के उद्देश्य से भाजपा नेता सीटू चौहान के नेतृत्व में 3 नवंबर से एक माह तक सामाजिक समरसता एकता यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा के दौरान एत्मादपुर क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों में सभी समाजों के महापुरुषों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही सभी वर्गों के लोगों के साथ सहभोज कर सामाजिक एकता और समानता का संदेश दिया जाएगा।

महर्षि वाल्मीकि जयंती के पावन अवसर पर फिरोजाबाद रोड स्थित रतनदीप फार्म गैलेक्सी में आयोजित आमंत्रण पत्र विमोचन कार्यक्रम में सीटू चौहान ने यात्रा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यात्रा का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों और समुदायों को एक सूत्र में पिरोना तथा सामाजिक दूरियों को समाप्त कर विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करना है।

महापुरुषों के विचार संपूर्ण समाज की धरोहर :

सीटू चौहान ने कहा कि महापुरुष किसी एक जाति, वर्ग या समुदाय तक सीमित नहीं होते, बल्कि उनके विचार और आदर्श संपूर्ण समाज की धरोहर हैं। महर्षि वाल्मीकि और भगवान श्रीराम के आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज में प्रेम, सद्भाव, समानता और परस्पर सम्मान की भावना को मजबूत करना समय की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने रामायण जैसे महान ग्रंथ की रचना कर मानवता को सत्य, मर्यादा, त्याग, कर्तव्य और आदर्श जीवन का मार्ग दिखाया। रामायण की शिक्षाएं समाज को एकता और सद्भाव के सूत्र में बांधने की प्रेरणा देती हैं। यात्रा के माध्यम से इन्हीं आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

जनकल्याणकारी योजनाओं की भी दी जाएगी जानकारी :

यात्रा के दौरान सामाजिक समरसता के साथ केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करने पर भी जोर दिया जाएगा। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, जन-धन योजना और पीएम-किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों तक जानकारी पहुंचाने तथा उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग का प्रयास किया जाएगा।

सीटू चौहान ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को सम्मान और विकास के समान अवसर मिलना जरूरी है। जब हर व्यक्ति स्वयं को राष्ट्र निर्माण का अभिन्न हिस्सा मानेगा, तभी सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित भारत का सपना साकार होगा। यात्रा का मुख्य संदेश जातिगत भेदभाव से ऊपर उठकर आपसी सहयोग, सम्मान और भाईचारे के साथ समाज को एकजुट करना है।

ये रहे मौजूद :

कार्यक्रम में राजकुमार वाल्मीकि, डीपी सिंह बघेल, गिरिराज पाठक, बसंत यादव, नरेंद्र बघेल और लायक सिंह निषाद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।