हेल्प आगरा के सहयोग से एसएन की आई बैंक की टीम ने पूरी कराई नेत्रदान की प्रक्रिया
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। केदार नगर, शाहगंज निवासी मोतीराम असनानी (81) के निधन के बाद उनके परिजनों ने नेत्रदान कर मानवता की मिसाल पेश की। रविवार देर रात उनके निधन के बाद उनके सुपुत्र अनिल कुमार असनानी ने हेल्प आगरा के पूर्व कार्यकारिणी सदस्य दीपक अग्रवाल से संपर्क कर नेत्रदान की प्रक्रिया पूरी कराने का अनुरोध किया।
सूचना मिलने पर हेल्प आगरा के सहयोग से एसएन मेडिकल कॉलेज की आई बैंक प्रभारी डॉ. शेफाली मजूमदार के निर्देशन में ग्रीफ काउंसलर दीपक शर्मा एवं चिकित्सकीय टीम ने नेत्रदान की प्रक्रिया पूरी कराई। मोतीराम असनानी के नेत्रदान से दो दृष्टिबाधित व्यक्तियों के जीवन में रोशनी आने की उम्मीद है।
इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष सुरेंद्र जैन, महासचिव गौतम सेठ, नेत्रदान प्रभारी प्रतीक जैन एवं मीडिया प्रभारी नंदकिशोर गोयल ने आमजन से नेत्रदान अभियान से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि नेत्रदान के लिए कहीं जाने की आवश्यकता नहीं होती। सूचना मिलने पर चिकित्सकों की टीम स्वयं नेत्रदानी के पास पहुंचकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करती है।नेत्रदान के इच्छुक व्यक्ति हेल्प आगरा के मोबाइल नंबर 9319111000 पर संपर्क कर सकते हैं। सूत्र-नंदकिशोर गोयल'मीडिया प्रभारी'

