कंस के अत्याचार से लेकर योगमाया के दिव्य प्राकट्य तक का हुआ भावपूर्ण मंचन, ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से गूंजा लीला प्रांगण
श्री लक्ष्मी-नारायण जी की आरती के साथ मंचीय लीलाओं का भव्य शुभारंभ, स्वामी प्रदीप कृष्ण ठाकुर जी महाराज के निर्देशन में वृंदावन के कलाकारों ने जीवंत किए द्वापर युग के प्रसंग
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। गोकुल में हरियाली, कोयल कूके डाली-डाली... आज री जन्म नंदलाल ने, खुशियां नंद गांव में... हीरे-मोती दिए लुटाए, लीला कैसी रे दिखाई गोपाल ने... जैसे भक्तिमय बधाई गीतों, ढोल-नगाड़ों और जय कन्हैया लाल की के गगनभेदी जयघोष के बीच रविवार को बल्केश्वर स्थित गौशाला प्रांगण में 100 वर्ष से अधिक प्राचीन ऐतिहासिक श्री कृष्ण लीला महोत्सव की मंचीय लीलाओं का भव्य शुभारंभ हुआ। भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य जन्म प्रसंग के सजीव मंचन ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। जैसे ही भगवान के प्राकट्य की झांकी सजी, पूरा लीला प्रांगण ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धा, भक्ति और उल्लास से सराबोर वातावरण में श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का आनंद लिया।
मंचीय लीलाओं का शुभारंभ श्री लक्ष्मी-नारायण जी की विधिवत आरती के साथ हुआ। आरती श्री कृष्ण लीला महोत्सव समिति के अध्यक्ष मनीष - अग्रवाल, पार्षद प्रदीप अग्रवाल, रविंद्र अग्रवाल, सीमा गोयल, महामंत्री विजय रोहतगी, अनूप गोयल, मनोज अग्रवाल, विनीत सिंघल, लक्ष्मण शर्मा, अशोक गोयल, मनोज बंसल, आयुष, गिर्राज बंसल, तनु गुप्ता, प्रियंका सहित समिति के सदस्यों ने की।
समिति अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि मुख्य संरक्षक डॉ. विजय किशोर बंसल के मार्गदर्शन में आयोजित यह ऐतिहासिक महोत्सव आगरा की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा है। श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं के माध्यम से समाज को धर्म, भक्ति, प्रेम, सदाचार और नैतिकता का संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सोमवार को शाम 6:30 बजे बल्केश्वर चौराहे से गौशाला प्रांगण तक नंद सखा की भव्य सवारी निकाली जाएगी। इसके उपरांत लीला मंच पर नंदोत्सव का मनोहारी मंचन होगा, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की खुशियों में गोकुल में मनाए गए उत्सव का जीवंत चित्रण किया जाएगा। उन्होंने नगरवासियों से सवारी एवं मंचीय लीला में सम्मिलित होकर धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की।
कंस के अत्याचार से शुरू हुई भगवान के अवतरण की कथा
स्वामी हरिगोविंद जी महाराज के शिष्य स्वामी प्रदीप कृष्ण ठाकुर जी महाराज के श्री रस बिहारी कृपा सेवक ट्रस्ट, वृंदावन के निर्देशन में मंचीय लीलाओं का भावपूर्ण एवं सजीव मंचन किया गया। लीला का प्रारंभ कंस और देवकी-वासुदेव के विवाह प्रसंग से हुआ। विवाह के पश्चात कंस स्वयं रथ हांककर अपनी बहन देवकी को विदा करने जा रहा था। इसी दौरान आकाशवाणी हुई कि देवकी का आठवां पुत्र ही कंस के विनाश का कारण बनेगा।
आकाशवाणी सुनते ही कंस क्रोध से तिलमिला उठा और उसने देवकी तथा वासुदेव को कारागार में बंद कर दिया। इसके बाद रोहिणी जी के ब्रजगमन और बलराम जी के जन्म का प्रसंग मंचित हुआ। दूसरी ओर कंस के अत्याचारों से त्रस्त पृथ्वी गौ का रूप धारण कर देवताओं के साथ क्षीरसागर पहुंची और भगवान विष्णु के समक्ष अपनी पीड़ा व्यक्त की। देवताओं ने स्तुति करते हुए भगवान से यदुवंश में अवतार लेने की प्रार्थना की। भगवान विष्णु ने वासुदेव-देवकी के यहां श्रीकृष्ण के रूप में अवतार लेने का आश्वासन दिया।
देवकी की छह संतानों के वध का दृश्य देख भावुक हुए श्रद्धालु
लीला के दौरान नारद जी का कंस के दरबार में पहुंचना, कंस द्वारा देवकी की छह संतानों का वध करना तथा उसके निरंतर बढ़ते अत्याचारों के प्रसंगों का प्रभावशाली मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने सशक्त अभिनय से मथुरा में व्याप्त भय, आतंक और असहायता के वातावरण को सजीव कर दिया। इन मार्मिक दृश्यों ने दर्शकों को भावुक कर दिया।
इसके पश्चात कारागार में भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य प्राकट्य की भव्य झांकी सजाई गई। वासुदेव और देवकी के समक्ष भगवान के चतुर्भुज दिव्य स्वरूप के दर्शन कराए गए। इसके बाद वासुदेव जी द्वारा नवजात श्रीकृष्ण को टोकरी में रखकर यमुना पार गोकुल ले जाने का प्रसंग मंचित हुआ। यमुना का मार्ग देना, भगवान की दिव्य लीलाएं और नंद बाबा के घर कन्या को रखकर पुनः कारागार लौटने के दृश्य अत्यंत मनोहारी रहे। भगवान के जन्म की झांकी के साथ ही पूरा परिसर भक्ति और आनंद से झूम उठा।
योगमाया के दिव्य प्राकट्य से भयभीत हुआ कंस
लीला के अंतिम प्रसंग में पहरेदारों द्वारा कन्या के जन्म का समाचार कंस तक पहुंचाने और उसके कन्या वध के लिए कारागार पहुंचने का दृश्य प्रस्तुत किया गया। जैसे ही कंस ने कन्या को मारने का प्रयास किया, योगमाया उसके हाथों से छूटकर आकाश में प्रकट हुईं। अष्टभुजा देवी के दिव्य स्वरूप में दर्शन देते हुए योगमाया ने कंस को चेतावनी दी कि उसका काल जन्म ले चुका है।
योगमाया के इस दिव्य प्राकट्य से कंस भयभीत और विचलित हो उठा। इसके बाद कंस द्वारा अपने कृत्यों पर पश्चाताप करते हुए देवकी और वासुदेव से क्षमा याचना करने का प्रसंग मंचित किया गया। कलाकारों के उत्कृष्ट अभिनय, आकर्षक वेशभूषा, भव्य साज-सज्जा और भक्तिमय संगीत ने मंचीय लीला को अत्यंत प्रभावशाली बना दिया। भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य प्राकट्य की लीला के साथ प्रथम दिवस का मंचन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ।



