आगरा में 30वें मैकश अकबराबादी अवार्ड एवं सेमिनार का आयोजन, प्रो.सगीर अफराहीम को किया गया सम्मानित





गंगा-जमुनी तहजीब, सूफियत, उर्दू अदब और इंसानियत के संदेश से गूंजा सेंट जॉन्स डिग्री कॉलेज का सभागार

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। बज्म-ए-मैकश सामाजिक संस्था के तत्वावधान में 30वें मैकश अकबराबादी अवार्ड एवं सेमिनार का आयोजन सेंट जॉन्स डिग्री कॉलेज के सभागार में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के संस्थापक अध्यक्ष हजरत मोहम्मद अजमल अली शाह कादरी जाफरी चिश्ती नियाजी ने की, जबकि संचालन संस्था की महासचिव प्रोफेसर नसरीन बेगम ने किया। इस अवसर पर अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. सगीर अफराहीम साहब को वर्ष 2026 के बज्म-ए-मैकश अवार्ड से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में साहित्यकारों, शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं उर्दू अदब से जुड़े लोगों ने बड़ी संख्या में शिरकत की।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने मैकश अकबराबादी साहब की साहित्यिक, सामाजिक एवं सूफियाना सेवाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने उर्दू अदब और सूफियत के क्षेत्र में आगरा से लेकर पूरे उत्तर प्रदेश और देश में महत्वपूर्ण योगदान दिया। मैकश साहब ने हमेशा सभी धर्मों और मिल्लतों के लोगों को मोहब्बत के साथ गले लगाया तथा शिक्षा, इंसानियत और सामाजिक सद्भाव के लिए उल्लेखनीय कार्य किए। उन्होंने अपने जीवनकाल में सूफियत पर कई महत्वपूर्ण पुस्तकें लिखीं, जिन्हें आज भी देश-विदेश में पढ़ा जाता है।

वक्ताओं ने कहा कि मैकश अकबराबादी ने हिंदू-मुस्लिम एकता और गंगा-जमुनी तहजीब को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। उनकी साहित्यिक रचनाएं और सामाजिक कार्य आज भी समाज को मोहब्बत, भाईचारे और इंसानियत का संदेश दे रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान दो पुस्तकों का विमोचन भी किया गया।

अध्यक्षीय संबोधन में हजरत मोहम्मद अजमल अली शाह कादरी जाफरी चिश्ती नियाजी ने कहा कि जब पहली बार इस अवार्ड का आयोजन किया गया था, तब संस्था के सभी सदस्यों के दिल में यह हसरत थी कि शिक्षा, सामाजिक सेवा, पत्रकारिता और इंसानियत के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली शख्सियतों को सम्मानित किया जाए। मैकश साहब ने अपने जीवन में इन सभी क्षेत्रों में महत्वपूर्ण कार्य किए। आज पूरी दुनिया में उन्हें उनके इन्हीं कार्यों के लिए याद किया जाता है।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक इंसान को अपने जीवनकाल में ऐसे कार्य करने चाहिए, जिनसे उसके दुनिया से चले जाने के बाद भी लोग उसे याद रखें। दुनियावी जिम्मेदारियों के साथ-साथ अल्लाह की याद और आखिरत की तैयारी भी इंसान के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

सैयद फैज अली शाह कादरी चिश्ती नियाजी ने अपने संबोधन में कहा कि आगरा की सरजमीं से हमेशा मोहब्बत और भाईचारे का पैगाम जाता रहा है। आज के कार्यक्रम में भी गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत झलक देखने को मिली। शहर के साहित्यकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और उर्दू-अरबी में रुचि रखने वाले लोगों की मौजूदगी इस बात का प्रमाण है कि साहित्य और इंसानियत के प्रति लोगों में आज भी गहरी रुचि है।

उन्होंने कहा कि डॉ. सगीर अफराहीम साहब को यह सम्मान उनकी उर्दू साहित्य के प्रति लगन, इंसानियत के लिए किए गए कार्यों और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के आधार पर प्रदान किया गया है। उनकी सेवाओं से प्रेरणा लेकर समाज के प्रत्येक व्यक्ति को शिक्षा और इंसानियत के क्षेत्र में अपना योगदान देना चाहिए।

मंच पर मौजूद रहे गणमान्य लोग

कार्यक्रम के मंच पर डॉ. एसपी सिंह, प्रधानाचार्य सेंट जॉन्स कॉलेज आगरा, हजरत सय्यद अजमल अली शाह, विक्रम सिंह, डॉ. नईमा जाफरी पाशा, डॉ. सिराज अजमली साहब, सय्यद फैज अली शाह, सय्यद सिब्ते हसन नकवी, डॉ. नसरीन बेगम तथा बज्म-ए-मैकश अवार्ड से सम्मानित डॉ. सगीर अफराहीम साहब मौजूद रहे।

सैकड़ों लोगों ने की कार्यक्रम में शिरकत

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से डॉ. सिब्ते हसन नकवी, सईदुल्लाह माहिर, अमीर अहमद एडवोकेट, महमूद उज्जामा, सैयद मोहताशिम अली, नावेद, आताहा सिद्दीकी, आबिद मोहम्मद खान, राशिद सलीम, सादिया, दानिशा, अनिल शुक्ला, बसरुद्दीन अहमद, अख्तर ओवैसी सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में साहित्य, शिक्षा, सूफियत, सामाजिक सद्भाव और इंसानियत के संदेश को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया।

रिपोर्ट : असलम सलीमी