ब्लॉक-25 में लगातार चोरी की वारदातों से व्यापारियों में दहशत, देर रात तक संदिग्धों के जमावड़े पर भी उठे सवाल; पुलिस से गश्त और सख्त कार्रवाई की मांग।
आगरा। शहर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र संजय प्लेस स्थित ब्लॉक-25 शू मार्केट में चोरों के हौसले बुलंद हैं। बाजार में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने व्यापारियों की नींद उड़ा दी है। चोरों ने अब दुकानों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ करना शुरू कर दिया है। बाजार की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
व्यापारियों के अनुसार, बीते 15 और 16 नवंबर की रात चोरों ने ब्लॉक-25 की शॉप नंबर-10 (द्वितीय तल) का ताला तोड़कर AC, कंप्यूटर सहित अन्य सामान चोरी कर लिया। वहीं, शॉप नंबर-18 (द्वितीय तल) का AC काटकर चोर अपने साथ ले गए। लगातार दो दुकानों में हुई चोरी की घटनाओं से पूरे बाजार के व्यापारियों में भय और आक्रोश का माहौल है।
देर रात तक संदिग्धों का जमावड़ा,सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
व्यापारियों ने आरोप लगाया है कि ब्लॉक में संचालित चाय की दुकान पर देर रात तक शराब पीने वाले लोगों और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। इससे बाजार का माहौल खराब होने के साथ ही चोरी जैसी घटनाओं की आशंका बढ़ती है। व्यापारियों का कहना है कि रात के समय बाजार की सुरक्षा व्यवस्था बेहद कमजोर है और चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
कब जागेगा पुलिस प्रशासन?
लगातार चोरी की घटनाओं के बावजूद व्यापारियों ने बाजार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। व्यापारियों ने थाना अध्यक्ष, कमिश्नरेट आगरा, हरिपर्वत से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए चोरी की घटनाओं की जांच कराई जाए, आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए तथा ब्लॉक-25 में नियमित पुलिस गश्त सुनिश्चित की जाए।
व्यापारियों ने देर रात तक होने वाले संदिग्ध जमावड़े पर भी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए तो चोरों के हौसले और बढ़ेंगे। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से सवाल किया है कि आखिर वे अपनी दुकानों और कारोबार की सुरक्षा के लिए कब तक असुरक्षित माहौल में काम करने को मजबूर रहेंगे?
इन व्यापारियों ने उठाई आवाज :
शिकायत पर हस्ताक्षर करने वालों में मोहित राठौर, सीएस आमोद सोलंकी,अनुज अग्रवाल, सतीश कुशवाह, विवेक शर्मा और अभिनव जैन शामिल हैं। सभी व्यापारियों ने एकजुट होकर पुलिस प्रशासन से बाजार में सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त कराने और चोरों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

