आगरा के कालिंदी विहार में भव्य बुद्ध वंदना एवं सामाजिक समरसता कार्यक्रम संपन्न,हजारों अनुयायियों ने लिया भाग
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। भगवान बुद्ध के शांति, करुणा, मैत्री, समानता और बंधुत्व के संदेशों से कालिंदी विहार स्थित बुद्धा पार्क रविवार को भक्तिमय हो उठा। सैकड़ों भंते गणों द्वारा सामूहिक त्रिशरण, पंचशील पाठ एवं बुद्ध वंदना से वातावरण गुंजायमान हो गया। इस दौरान भंते गणों पर आसमान से पुष्प वर्षा कर श्रद्धा और आस्था का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत किया गया। भव्य बुद्ध वंदना एवं सामाजिक समरसता कार्यक्रम में दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों से आए हजारों बौद्ध अनुयायियों ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ भिक्षुक संघ द्वारा त्रिशरण,पंचशील पाठ एवं बुद्ध वंदना के साथ किया गया। आयोजन में उपस्थित भंते गणों एवं अतिथियों का भाजपा नेता सीटू चौहान (इंजी. किशन चौहान) ने पटका एवं शॉल पहनाकर सम्मान किया।
इस अवसर पर सीटू चौहान ने कहा कि भगवान बुद्ध के सिद्धांतों में सामाजिक समरसता, समानता, बंधुत्व, दया, मैत्री एवं करुणा का संदेश निहित है। इन विचारों का प्रचार-प्रसार ही कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है। समाज को जाति, वर्ग एवं भेदभाव से ऊपर उठकर एक-दूसरे का सम्मान करना चाहिए। महापुरुषों के विचारों को आत्मसात करके ही समतामूलक एवं सशक्त समाज का निर्माण संभव है। भगवान बुद्ध द्वारा दिखाया गया शांति, करुणा और समानता का मार्ग आज भी उतना ही प्रासंगिक है। सामाजिक समरसता अभियान का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को एक मंच पर लाकर आपसी सद्भाव एवं एकता को मजबूत करना है। उन्होंने मलिन बस्तियों में आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए कैंप लगाने का आश्वासन भी दिया।
पूर्व मंत्री डॉ.रामबाबू हरित ने कहा कि यदि भगवान बुद्ध के सिद्धांतों को जीवन में आत्मसात कर उनका अनुसरण किया जाए, तो विश्व में दुख एवं कष्टों का काफी हद तक अंत हो सकता है। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक विचारधारा और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देते हैं।
पूर्व मंत्री चौधरी उदयभान सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रयासों से आगरा को भगवान बुद्ध की 26 फुट ऊंची भव्य प्रतिमा तथा पांच पंचवर्गीय भिक्षुक संघ की 10-10 फुट ऊंची प्रतिमाओं के रूप में बड़ी सौगात मिली है। इससे आगरा की पवित्र भूमि को भगवान बुद्ध के विचारों एवं आध्यात्मिक विरासत से नई पहचान मिली है।
कार्यक्रम के दौरान सीटू चौहान ने भारतीय जाटव समाज संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र सिंह, राष्ट्रीय महासचिव अनिल कुमार शमी एवं प्रदेश अध्यक्ष नेत्रपाल सिंह को चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मानित किया। वहीं बाबूलाल एवं पूर्व मंत्री चौधरी उदयभान सिंह को चांदी के मोतियों की माला पहनाकर सम्मान दिया गया। राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड से पहुंचे भारतीय जाटव समाज संस्था के प्रदेश अध्यक्षों का भी स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में भारतीय जाटव समाज संस्था के संरक्षक नत्थी सिंह जसोरा, राष्ट्रीय महासचिव अनिल कुमार, प्रदेश अध्यक्ष नेत्रपाल सिंह, राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष चंद्रभान ठेकेदार, भाजपा ब्रज क्षेत्र महामंत्री अशोक पिप्पल, पूर्व मंत्री चौधरी उदयभान सिंह, पूर्व मंत्री डॉ. रामबाबू हरित, भाजपा जिला प्रभारी घनश्याम लोधी, प्रमुख समाजसेवी मुकेश गुप्ता, आरपी सिन्हा, धर्मेंद्र सिंह, चंद्रपाल चाहर एवं किरावली चेयरमैन प्रतिनिधि अभिजीत इंदौलिया सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में भगवान बुद्ध के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने, सामाजिक भेदभाव समाप्त करने तथा समाज में एकता, भाईचारे और समरसता स्थापित करने का संदेश दिया गया।



