14 नवंबर को शाहदरा के बुद्ध पार्क में जुटेंगे विभिन्न प्रांतों के हजारों लोग, ड्रोन से होगी पुष्प वर्षा; प्रमुख समाजसेवियों का होगा सम्मान
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और समानता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 14 नवंबर को शाहदरा स्थित बुद्ध पार्क में भव्य बुद्ध वंदना एवं हवाई पुष्प वर्षा कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। भाजपा एवं भारतीय जाटव समाज संस्था के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न प्रांतों से हजारों लोग सहभागिता करेंगे। भगवान बुद्ध के शांति, करुणा, मैत्री और समानता के संदेश को समर्पित इस आयोजन में प्रमुख समाजसेवियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
भावना क्लार्क होटल में आयोजित आमंत्रण पत्र विमोचन कार्यक्रम में भाजपा नेता किशन सिंह चौहान (सीटू चौहान) ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि 14 नवंबर 2026 को दोपहर दो बजे कालिंदी विहार रोड, शाहदरा स्थित बुद्ध पार्क में बुद्ध वंदना के साथ ड्रोन के माध्यम से हवाई पुष्प वर्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह आयोजन सामाजिक समरसता और सर्वसमाज की एकजुटता का प्रतीक बनेगा।
मुख्यमंत्री योगी ने बुद्ध पार्क निर्माण को दी स्वीकृति
सीटू चौहान ने बताया कि 3 अगस्त 2025 को दलित समाज के प्रतिनिधिमंडल ने बुद्ध पार्क निर्माण के प्रस्ताव को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी। मुख्यमंत्री ने प्रस्ताव को सहजता से स्वीकार करते हुए स्वीकृति प्रदान की। उन्होंने कहा कि बुद्ध पार्क एक ऐतिहासिक विरासत के रूप में विकसित होगा। भाजपा की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है तथा सरकार समाज के सभी वर्गों के सम्मान और विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
भारतीय जाटव समाज संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र सिंह ने बुद्ध पार्क निर्माण के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्क का निर्माण दिसंबर माह तक पूर्ण होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि यह पार्क आने वाली पीढ़ियों के लिए भगवान बुद्ध के विचारों, सामाजिक चेतना और समरसता का प्रेरणास्रोत बनेगा।
26 फुट ऊंची प्रतिमा पर होगी पुष्प वर्षा
भारतीय जाटव समाज संस्था के प्रदेश अध्यक्ष नेत्रपाल ने कहा कि बुद्ध पार्क में स्थापित 26 फुट ऊंची प्रतिमा सहित सभी पंचवर्गीय प्रतिमाओं पर पुष्प वर्षा और बुद्ध वंदना का आयोजन सामाजिक समरसता की दिशा में एक सकारात्मक पहल है। यह कार्यक्रम समाज में प्रेम, सद्भाव, समानता और आपसी सम्मान की भावना को मजबूत करेगा।
आयोजकों ने बताया कि सामाजिक समरसता अभियान के अंतर्गत होने वाला यह आयोजन सर्वसमाज को एक सूत्र में पिरोने तथा भगवान बुद्ध के आदर्शों को आत्मसात करने का संदेश देगा। आमंत्रण पत्र विमोचन कार्यक्रम में एपी सिन्हा, रविन्द्र शर्मा सहित आदि लोग उपस्थित रहे।

