बटेश्वर महा मेले का भव्य शुभारंभ : शिवभक्ति की आस्था,पशुओं की नुमाइश और लोक संस्कृति का संगम

दीपोत्सव से जगमगाए यमुना के घाट, देशभर से पहुंचे पशुपालक और घोड़ा व्यापारी; 28 नवंबर तक सजेगा धार्मिक एवं सांस्कृतिक उत्सव

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। कहीं मंदिरों में गूंजते घंटे-घड़ियाल, कहीं यमुना के घाटों पर झिलमिलाते दीप, तो कहीं उम्दा नस्ल के घोड़ों की टाप और ऊंटों के कौशल प्रदर्शन का रोमांच... आस्था, परंपरा, व्यापार और लोक संस्कृति का ऐसा अद्भुत संगम बुधवार को छोटा काशी के नाम से विश्वविख्यात बटेश्वर धाम, बाह में देखने को मिला। प्रसिद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक मेला श्री बटेश्वर नाथ जी का भव्य शुभारंभ दीपोत्सव के साथ हुआ। मिनी कुंभ की भांति सजने वाले इस ऐतिहासिक मेले में धार्मिक श्रद्धालुओं के साथ देशभर से पशुपालकों, घोड़ा एवं ऊंट व्यापारियों और पशुप्रेमियों का जमावड़ा लगा है। बटेश्वर की पहचान बने विश्वविख्यात पशु मेले ने भी आयोजन की रौनक बढ़ा दी है। 28 नवंबर तक चलने वाले इस मेले में धार्मिक आयोजनों के साथ कवि सम्मेलन, मैराथन और पारंपरिक कुश्ती दंगल सहित अनेक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

उद्घाटन समारोह में तीर्थ स्थल श्री बटेश्वर ट्रस्ट समिति के अध्यक्ष एवं उद्घाटनकर्ता राजा अरिदमन सिंह, पूर्व मंत्री रामसकल गुर्जर, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशान्त पौनिया, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत मुकेश जैन, अभियंता जिला पंचायत मासूम रजा, मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार, उप जिलाधिकारी बाह विनोद चौधरी, संतोष गहलोत, लाल सिंह चौहान, राम अवतार वर्मा, अजय भदोरिया, अलकेंद्र सिंह, भाव सिंह की उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया ने की।

बटेश्वर की पहचान है ऐतिहासिक पशु मेला :

मेले का सबसे बड़ा आकर्षण उत्तर भारत का विश्वप्रसिद्ध पशु मेला है। इसकी ख्याति देश की सीमाओं से बाहर तक रही है। यहां उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से पशुपालक और व्यापारी उम्दा नस्ल के घोड़े, ऊंट, बैल, गधे और अन्य पशुओं को लेकर पहुंचते हैं। पशुओं की नस्ल, कद-काठी, सुंदरता, चाल और कौशल प्रदर्शन देखने के लिए बड़ी संख्या में पशुप्रेमी जुटते हैं। घोड़ों की शानदार चाल, उनकी सजावट और घुड़सवारी के करतब दर्शकों को रोमांचित करते हैं, वहीं ऊंटों का प्रदर्शन भी विशेष आकर्षण रहता है।

पशु मेले का ऐतिहासिक महत्व भी कम नहीं है। मुगलकाल में बादशाह अकबर की सेना के लिए भी बटेश्वर से घोड़ों और ऊंटों की खरीद की जाती थी। ऐतिहासिक विवरणों के अनुसार, यहां मध्य एशिया और अन्य दूरस्थ क्षेत्रों से भी व्यापारी पहुंचते थे। यही वजह है कि बटेश्वर का पशु मेला सदियों से पशु व्यापार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। आज भी यह मेला पशुपालकों के लिए व्यापार, नस्लों के आदान-प्रदान और अपने पशुओं की विशेषताएं प्रदर्शित करने का बड़ा मंच है।

101 शिव मंदिरों की श्रृंखला और यमुना के घाट बने आस्था का केंद्र :

यमुना तट पर स्थित बटेश्वर धाम भगवान शिव की भक्ति और प्राचीन मंदिरों की अद्भुत श्रृंखला के लिए प्रसिद्ध है। यहां यमुना किनारे बने 101 शिव मंदिरों के दर्शन के लिए दूर-दराज से श्रद्धालु पहुंचते हैं। कार्तिक मास में लगने वाला यह मेला धार्मिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। दीपोत्सव के अवसर पर यमुना तट और मंदिर परिसर में दीपों की रोशनी ने पूरे धाम को दिव्य स्वरूप प्रदान किया। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के दर्शन और पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

अरिदमन सिंह बोले- बटेश्वर की ऐतिहासिक विरासत को मिलेगी वैश्विक पहचान :

उद्घाटनकर्ता एवं तीर्थ स्थल श्री बटेश्वर ट्रस्ट समिति के अध्यक्ष अरिदमन सिंह ने कहा कि बटेश्वर हमारी धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत का अनमोल धरोहर है। यहां का पशु मेला देशभर में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। इस आयोजन में जहां एक ओर भगवान भोलेनाथ के प्रति श्रद्धा और आस्था प्रकट होती है, वहीं दूसरी ओर पशुपालन, ग्रामीण अर्थव्यवस्था, लोक संस्कृति और पारंपरिक खेलों को प्रोत्साहन मिलता है। हमारा प्रयास है कि बटेश्वर मेले को और अधिक भव्य एवं व्यवस्थित स्वरूप दिया जाए, जिससे देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं, पशुपालकों और पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिले तथा बटेश्वर की ऐतिहासिक पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचे।

डॉ. मंजू भदौरिया ने बताया आस्था और लोक संस्कृति का संगम :

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया ने कहा कि बटेश्वर का मेला हमारी सदियों पुरानी परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। यह केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि पशुपालकों, व्यापारियों, ग्रामीणों और आमजन को जोड़ने वाला बड़ा उत्सव है। मेले में पशु बाजार से लेकर धार्मिक अनुष्ठान, साहित्यिक आयोजन और खेल प्रतियोगिताएं तक सभी के लिए आकर्षण मौजूद हैं।

23 को कवि सम्मेलन, 26 को मैराथन और 28 नवंबर को होगा दंगल :

मेले में 28 नवंबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों की श्रृंखला में 23 नवंबर सोमवार को शाम सात बजे भव्य कवि सम्मेलन होगा। 26 नवंबर गुरुवार को प्रातः 11 बजे मैराथन दौड़ आयोजित की जाएगी। वहीं 28 नवंबर शनिवार को दोपहर एक बजे से पारंपरिक कुश्ती दंगल होगा। इसी दिन समापन समारोह के साथ मेले का विधिवत समापन किया जाएगा।