‘आगरे का है’ पुस्तक का भव्य लोकार्पण

  

                                        

                                        

                                        


साहित्यिक उपवन में खिला आगरा की संस्कृति और विरासत को समर्पित सुगंधित पुष्प

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। आगरा की सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक विशेषताओं और विविध पहलुओं को समेटे अरुण डंग द्वारा लिखित पुस्तक ‘आगरे का है’ का भव्य लोकार्पण समारोह साहित्यिक एवं सांगीतिक वातावरण में संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि पद्मश्री डॉ. आर. एस. पारीक ने पुस्तक की सराहना करते हुए कहा कि यह कृति साहित्यिक उपवन में खिला एक सुंदर और खुशबूदार फूल है, जिसे अरुण डंग ने आत्मीयता और गहन संवेदनशीलता के साथ रचा है।

लेखक अरुण डंग का परिचय देते हुए साहित्यकार सुशील सरित ने काव्यात्मक अंदाज में कहा—

“जुनून की हद से गुजर करके वह जहां पहुंचे, वहां तलक न फरिश्तों के भी निशां पहुंचे।”

लगभग 200 पृष्ठों की इस पुस्तक में पांच खंडों के अंतर्गत 30 आलेख संकलित हैं, जिनमें आगरा के विभिन्न ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और साहित्यिक पहलुओं को उजागर किया गया है। लोकार्पण समारोह का शुभारंभ श्रीमती विमला डंग, रेखा डंग, आर्किटेक्ट शशि शिरोमणि एवं प्रोफेसर वीना शर्मा सहित अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। सरस्वती वंदना कुमारी पूजा तोमर ने प्रस्तुत की।

आयोजन में उपस्थित अतिथियों का स्वागत करते हुए श्री दुर्ग विजय सिंह दीप ने कहा कि यह आयोजन आगरा के उन सभी आगरा प्रेमियों को समर्पित है, जो स्वयं को ‘आगरे का’ कहते हैं और शहर की सांस्कृतिक पहचान से आत्मीय जुड़ाव रखते हैं।

मुख्य वक्ता प्रोफेसर वीना शर्मा ने पुस्तक की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बिहारी सतसई की तर्ज पर इस पुस्तक के 30 आलेख ‘गागर में सागर’ के समान हैं। अरुण डंग ने पर्याप्त विचार-मंथन और शोध के बाद आगरा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियों को अत्यंत रोचक एवं प्रभावशाली ढंग से लिपिबद्ध किया है।

लेखक अरुण डंग ने अपनी प्रथम कृति पद्मश्री डॉ. आर. एस. पारीक को भेंट की। इसके पश्चात डॉ. पारीक, आर्किटेक्ट शशि शिरोमणि, प्रोफेसर वीना शर्मा, विमला डंग, रेखा डंग, प्रेमा डंग, राधिका डंग, धारा, संकल्प, सृष्टि, बत्रा, दुर्ग विजय सिंह दीप एवं सुशील सरित ने संयुक्त रूप से पुस्तक का लोकार्पण किया।

अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए लेखक अरुण डंग ने कहा कि नजीर और गालिब की रचनाओं ने उन्हें सदैव प्रभावित किया है। आगरा ऐसा शहर है, जहां अनेक संस्कृतियों का संगम देखने को मिलता है। आगरा की इन्हीं विशिष्टताओं और सांस्कृतिक विविधताओं ने उन्हें इस पुस्तक के लेखन के लिए प्रेरित किया।

समारोह का विशेष आकर्षण अंतरराष्ट्रीय गजल गायक सुधीर नारायण की संगीतमय प्रस्तुति रही। उन्होंने नजीर की प्रसिद्ध नज्म ‘आगरे का है’ प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके साथ खुशी सोनी, प्रीति कुमारी, अमन शर्मा एवं हर्षित पाठक ने सहयोगी स्वर दिए। संगीत संगत में तबले पर राज मैसी, की-बोर्ड पर अशोक कुमार तथा बांसुरी पर अक्ष यादव ने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन सुशील सरित ने किया।

इनकी रही उल्लेखनीय उपस्थिति :

समारोह में पूरण डावर, अशोक अश्रु, रामनाथ, रामकुमार अग्रवाल, लव कुश मिश्रा, महेश शर्मा, कर्नल शिव कुंजरू, रवि शिरोमणि, मधु भारद्वाज, विजय गोयल, गायत्री, हरीश अग्रवाल, आरिफ तैमूरी, विजया तिवारी, दिनेश श्रीवास्तव, महेश धाकड़, अनिल शुक्ला, श्री कृष्णा, बृजेंद्र, श्री मोहन कुशवाहा, योगीराज, दिलीप रघुवंशी, बेगम नसरीन, हरीश भदोरिया, अशोक राठी, सुधीर शर्मा, चंद्रशेखर शर्मा, यशपाल जी, फैज अली, राकेश निर्मल, रवि, आर. एस. तिवारी, आदर्श नंदन, डॉ. शैल वाला, सुषमा सिंह, रमा वर्मा, निशु, अभय पोता दे जी सहित महेश शर्मा आदि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का आयोजन साहित्य संगीत संगम एवं चेतना इंडिया के सहयोग से किया गया। समारोह ने आगरा की साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं संगीत परंपरा को एक मंच पर प्रस्तुत करते हुए शहर की विशिष्ट पहचान को रेखांकित किया।

रिपोर्ट : असलम सलीमी