‘तेरा ही आसरा है..’ श्याम भजनों की पुकार पर भावविभोर हुए श्रद्धालु

एमडी जैन मैदान में उमड़ा आस्था का सैलाब, अलौकिक श्याम दरबार में इत्र-पुष्प वर्षा के बीच देर रात तक गूंजे भजन

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। कहीं बाबा के चरणों में समर्पण की पुकार, कहीं अपने आराध्य से लाज बचाने की अरदास, तो कहीं श्याम नाम की मस्ती में झूमते श्रद्धालु। गुरुवार को हरीपर्वत स्थित एमडी जैन मैदान में श्री श्याम आस्था परिवार आगरा खाटू धाम के 14वें वार्षिक उत्सव ‘श्री श्याम तीज महोत्सव’ के अंतर्गत भव्य श्याम संकीर्तन अखाड़े का आयोजन भक्तिमय वातावरण में हुआ। अलौकिक श्याम दरबार, देशभर से आए भजन गायकों की मधुर प्रस्तुतियों और इत्र-पुष्प वर्षा ने आयोजन को दिव्यता से सराबोर कर दिया। देर रात तक श्रद्धालु भजनों पर झूमते रहे और जय श्री श्याम के जयकारों से पूरा परिसर गुंजायमान होता रहा।

भव्य दरबार में विराजमान बाबा श्याम के दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। श्री कीर्ति नाथ महाराज (कामाख्या मंदिर) के मार्गदर्शन में संकीर्तन का शुभारंभ हुआ। भजनों की स्वर लहरियों के बीच श्रद्धालु भावविभोर होकर कभी हाथ उठाकर बाबा को पुकारते तो कभी नृत्य कर अपनी श्रद्धा और समर्पण प्रकट करते नजर आए।

‘तेरा ही आसरा है’ भजन ने किया भावविभोर

कोलकाता से आए भजन गायक सौरभ शर्मा ने अपने भावपूर्ण भजनों से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में डुबो दिया। ‘बची तकदीर का हिस्सा तरस जाएगा बन हीरा, तेरा ही आसरा है, तेरा ही आसरा है...’ भजन के माध्यम से उन्होंने भक्त की दीनता, समर्पण और बाबा श्याम पर अटूट विश्वास को अभिव्यक्त किया। भजन के भावपूर्ण बोलों ने श्रद्धालुओं को भावुक कर दिया। तालियों और जयकारों के बीच हर भक्त के हृदय में बाबा श्याम के प्रति विश्वास और समर्पण का भाव उमड़ता रहा।

‘आजा रे कन्हैया’ पर झूम उठा पंडाल

कोलकाता के भजन गायक राज पारीक ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति से संकीर्तन में भक्ति का अद्भुत रंग भर दिया। ‘हंसता जमाना मुझपे, उंगलियां उठाता है, कहाँ गया बाबा तेरा, कह के चिढ़ाता है... आजा रे कन्हैया, आजा रे...’ भजन ने श्रद्धालुओं के हृदय को भावविभोर कर दिया। भजन की लय और शब्दों के साथ पूरा पंडाल झूम उठा। श्रद्धालुओं ने हाथ उठाकर अपने आराध्य बाबा श्याम से अरदास लगाई।

संकीर्तन में वृंदावन की श्रीजी सखी, हरियाणा के परविंदर पालक, वृंदावन के कुंज बिहारी दास, नरेश खत्री, अनूप गोयल, राजा सांवरिया, त्रिलोकी शर्मा, अतुल वार्ष्णेय, प्रखर लोहिया, अंकुश शर्मा, अंकित लवानिया एवं हर्ष जायसवाल ने अपनी मधुर भजन प्रस्तुतियों से बाबा श्याम का गुणगान किया। अंकित म्यूजिशियन द्वारा संगीत व्यवस्था की गई। इत्र एवं पुष्प वर्षा के बीच सजे भव्य श्याम दरबार ने आयोजन की आध्यात्मिक छटा को और निखार दिया।

आयोजन में रहे उपस्थित

इस अवसर पर भाजपा महानगर महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष वंदना सिंह, संस्थापक राहुल बंसल, संरक्षक वीरेंद्र मेड़तवाल, अध्यक्ष दिव्य मेड़तवाल, कोषाध्यक्ष संजय मित्तल, महामंत्री आयुष जैन, महासचिव राजीव तिवारी, सचिव गोपाल सारस्वत, उपाध्यक्ष अजय बंसल एवं नितेश अग्रवाल, मंत्री विपिन मित्तल, मीडिया प्रभारी सुमित मित्तल सहित नीरज अग्रवाल, जगदीश, सतीश, धर्म, अमित अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, विष्णु अग्रवाल, रोहित अग्रवाल एवं रामगोपाल गर्ग आदि उपस्थित रहे।