प्रभु श्रीराम के जयकारों के बीच श्रद्धा और प्रेम से सजा अन्नकूट महोत्सव, भक्तों ने ग्रहण की प्रसादी


श्री राम हनुमान मंदिर में भक्ति, सेवा और स्नेह मिलन का दिखा अनुपम संगम, गणमान्य अतिथियों ने लिया अन्नकूट प्रसादी का आनंद

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। भक्ति, श्रद्धा और समर्पण के भावों से सराबोर श्री राम हनुमान मंदिर ट्रस्ट एवं श्री रामलीला कमेटी द्वारा रामलीला मैदान स्थित श्री राम हनुमान मंदिर में भव्य अन्नकूट प्रसादी महोत्सव का आयोजन किया गया। प्रभु श्रीराम की आरती और हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ के साथ महोत्सव का शुभारंभ हुआ। मंदिर परिसर प्रभु श्रीराम और पवनपुत्र हनुमान के जयकारों से गूंज उठा। वातावरण में व्याप्त भक्तिमय ऊर्जा ने उपस्थित श्रद्धालुओं को रामभक्ति के रंग में रंग दिया।

इस अवसर पर श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष एवं विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल तथा महामंत्री राजीव अग्रवाल ने सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। अध्यक्ष एवं विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कहा कि अन्नकूट महोत्सव हमारी सनातन संस्कृति, सेवा और समर्पण की समृद्ध परंपरा का प्रतीक है। भगवान को अन्नकूट का भोग अर्पित कर प्रसादी वितरण करना केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज में प्रेम, सद्भाव और समानता का संदेश देना भी है। 

महामंत्री राजीव अग्रवाल ने कहा कि अन्नकूट महोत्सव का वास्तविक आनंद तभी है, जब हम प्रभु के प्रसाद के साथ आपसी प्रेम और आत्मीयता भी बांटें। यह आयोजन सभी भक्तों और शहरवासियों को एक परिवार की तरह जोड़ने का माध्यम है। स्नेह मिलन और प्रेम-आस्था के स्वाद से सजी अन्नकूट प्रसादी का शहर के गणमान्य अतिथियों एवं श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक आनंद लिया।

महोत्सव में उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, पूर्व मंत्री चौधरी उदयभान सिंह, डॉ. रंजना बंसल, अजय गर्ग, राजू यादव एवं नेशनल चैंबर के अध्यक्ष मनोज बंसल सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता कर प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर श्री रामलीला कमेटी के मुख्य संरक्षक जगदीश बागला, मुख्य मार्गदर्शक डॉ. विजय किशोर बंसल, मार्गदर्शक विनोद गुप्ता (सर्राफ), कोषाध्यक्ष ताराचंद्र अग्रवाल, मुकेश जौहरी, भगवान दास बंसल, विजय कुमार गोयल, अंजुल बंसल, आयुष अग्रवाल, अरविंद अग्रवाल, संजय तिवारी, विनोद जौहरी , संजय अग्रवाल (सादाबाद वाले), महेश चंद्र अग्रवाल, मनोज पोली, अनुज अग्रवाल, अतुल बंसल, रामकिशन अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।