इस्कॉन संस्थापकाचार्य के अभिषेक,लीलामृत श्रवण और हरिनाम संकीर्तन में भावविभोर हुए श्रद्धालु
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर में शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय कृष्ण भावनामृत संघ (इस्कॉन) की ओर से संस्थापकाचार्य श्रील प्रभुपाद का तिरोभाव उत्सव श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन हुए। भक्तों ने श्रील प्रभुपाद के चरणों में पुष्प अर्पित कर उनके आध्यात्मिक योगदान एवं श्रीकृष्ण भक्ति के प्रचार-प्रसार के लिए किए गए कार्यों का स्मरण किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंदिर अध्यक्ष अरविन्द प्रभु द्वारा श्रील प्रभुपाद के अभिषेक के साथ हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार और भक्तिमय संगीत के बीच संपन्न अभिषेक में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इसके बाद श्रील प्रभुपाद के जीवन, उनकी दिव्य शिक्षाओं और कृष्ण भक्ति के प्रचार-प्रसार में उनके अतुलनीय योगदान पर प्रकाश डाला गया।
अरविन्द प्रभु ने कहा कि श्रील प्रभुपाद ने इस्कॉन की स्थापना कर श्रीमद्भगवद्गीता और भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति के संदेश को विश्वभर में पहुंचाया। उनके अथक प्रयासों से अनेक देशों में कृष्ण भावनामृत आंदोलन का विस्तार हुआ और लाखों लोग आध्यात्मिक जीवन से जुड़े। उनकी शिक्षाएं आज भी मानव समाज को भक्ति, प्रेम और आध्यात्मिक चेतना के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दे रही हैं।
आयोजन के दौरान महाआरती में श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर सुख-समृद्धि एवं आध्यात्मिक उन्नति की कामना की। सामूहिक हरिनाम संकीर्तन में ‘हरे कृष्ण, हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण, हरे हरे’ महामंत्र के गायन से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। भक्तों ने भजन-कीर्तन के माध्यम से श्रीकृष्ण के प्रति अपनी श्रद्धा और समर्पण व्यक्त किया।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर नितेश अग्रवाल, आशू मित्तल, सुशील अग्रवाल, शैलेन्द्र अग्रवाल, कान्ता प्रसाद अग्रवाल, राजेश उपाध्याय, संजीव बंसल, शैलेश बंसल, ओमप्रकाश अग्रवाल, संजय कुकरैजा, राजेश मल्होत्रा, संजीव मित्तल, देव केशव, राजेश गर्ग, सुनील मनचंदा, अदिति गौरांगी आदि उपस्थित रहे।


