किसान अब संसद और विधानसभा में बुलंद करेंगे अपनी आवाज,पांच राज्यों के चुनाव में प्रत्याशी उतारेगा किसान क्रांति दल : ठा.भानु प्रताप सिंह


भारतीय किसान यूनियन (भानू) के पदभार ग्रहण एवं सम्मान समारोह में आरती गोयल बनीं महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष, अशोक कुमार अग्रवाल को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी

किसान आयोग के गठन, एमएसपी निर्धारण में किसानों की भागीदारी और देशभर के किसानों की कर्जमाफी की उठाई मांग

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। किसानों के सम्मान, अधिकार और उनकी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए अब किसान आंदोलन के साथ-साथ संसद और विधानसभा में भी अपनी आवाज बुलंद करेंगे। किसान क्रांति दल आगामी पांच राज्यों के चुनाव में सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारकर किसानों की राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करेगा। यह महत्वपूर्ण राजनीतिक घोषणा भारतीय किसान यूनियन (भानू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठा. भानु प्रताप सिंह ने आगरा में आयोजित पदभार ग्रहण एवं स्वागत-सम्मान समारोह में की। उन्होंने कहा कि अब किसानों को संसद और विधानसभा का घेराव करने के बजाय स्वयं सदनों का हिस्सा बनना होगा, ताकि उनकी समस्याओं और अधिकारों की लड़ाई सीधे सदन में लड़ी जा सके।

शांति अपार्टमेंट, तेज नगर में आयोजित समारोह में भारतीय किसान यूनियन (भानू) महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष आरती गोयल एवं राष्ट्रीय महामंत्री अशोक कुमार अग्रवाल ने अपनी नई जिम्मेदारियों का पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों ने दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। साथ ही संगठन को मजबूत बनाने और किसानों के हितों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए शुभकामनाएं दीं।

किसानों को उनका सम्मान और अधिकार दिलाना संकल्प: आरती गोयल

महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष का पदभार ग्रहण करने के बाद आरती गोयल ने कहा कि किसान देश का अन्नदाता है और अन्न ही ब्रह्म है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि देश का पेट भरने वाले अन्नदाता को आज भी वह सम्मान और महत्व नहीं मिल पा रहा, जिसका वह वास्तविक हकदार है। किसानों की मेहनत से पूरे देश को अन्न मिलता है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना पड़ता है। उन्होंने संकल्प लिया कि महिला मोर्चा के माध्यम से किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा और उन्हें सम्मान, अधिकार एवं न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।

किसानों की आवाज सरकार तक पहुंचाना प्राथमिकता: अशोक कुमार अग्रवाल

राष्ट्रीय महामंत्री अशोक कुमार अग्रवाल ने कहा कि संगठन ने उन्हें जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे। किसानों की समस्याओं को एकजुट होकर उठाना तथा उनकी आवाज सरकार तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा के लिए संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाया जाएगा।

किसान आयोग के गठन और कर्जमाफी की मांग

भारतीय किसान यूनियन (भानू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठा. भानु प्रताप सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार से लगातार किसान आयोग के गठन की मांग की जा रही है, ताकि किसानों की समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित हो सके और उन्हें उनकी फसलों का उचित मूल्य मिल सके। उन्होंने मांग की कि न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) का निर्धारण किसानों की भागीदारी से किया जाना चाहिए, जिससे किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य प्राप्त हो सके।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से देश के किसानों के सभी कर्ज माफ करने की मांग करते हुए कहा कि जब बड़े उद्योगपतियों और राजनेताओं के कर्ज माफ किए जा सकते हैं, तो देश के अन्नदाता किसानों के साथ भेदभाव क्यों किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन फिलहाल सरकार से अपनी मांगों को पूरा करने का आग्रह कर रहा है, लेकिन किसानों के हित में सकारात्मक निर्णय नहीं लिए गए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

ये रहे उपस्थित :

समारोह में प्रदेश अध्यक्ष गीता ठाकुर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गजेंद्र शर्मा, राष्ट्रीय महामंत्री अजय गुप्ता, राष्ट्रीय सचिव मनजीत, जिला अध्यक्ष शीतल सिंह, युवा प्रदेश अध्यक्ष पवन समाधिया, संगठन मंत्री देव ठाकुर, जिला अध्यक्ष देवेश शर्मा, व्यापार मोर्चा जिला अध्यक्ष धर्मवीर, जिला महासचिव सोनू व्यास, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष अशोक तिवारी, युवा प्रदेश उपाध्यक्ष मोहित अग्रवाल, युवा उपाध्यक्ष तुषार जादौन, कोषाध्यक्ष शैलेंद्र गर्ग, जिला उपाध्यक्ष विमल, धनंजय प्रताप सिंह, अतुल गोयल सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

फोटो कैप्शन : शांति अपार्टमेंट, तेज नगर, आगरा में आयोजित पदभार ग्रहण एवं सम्मान समारोह में उपस्थित भारतीय किसान यूनियन (भानू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठा. भानु प्रताप सिंह। साथ में महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष आरती गोयल, राष्ट्रीय महामंत्री अशोक कुमार अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष गीता ठाकुर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गजेंद्र शर्मा, राष्ट्रीय महामंत्री अजय गुप्ता, राष्ट्रीय सचिव मनजीत सिंह, जिला अध्यक्ष शीतल सिंह, युवा प्रदेश अध्यक्ष पवन समाधिया सहित अन्य पदाधिकारी।