विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल एवं डॉ.हरेन्द्र गुप्ता ने आरती उतारकर किया सवारी का शुभारंभ,बल्केश्वर गौशाला से राम बारात मार्ग तक निकली गणेशजी की सवारी
14 नवंबर को निकलेगी कंस की दुहाई की सवारी,15 नवंबर से गौशाला परिसर में सजेंगी श्रीकृष्ण की मंचीय लीलाएं
हिन्दुस्तान वार्ता। धर्मेन्द्र कु.चौधरी
आगरा। ढोल-नगाड़ों की गूंज, भक्ति संगीत की मधुर स्वर लहरियों और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष के बीच शुक्रवार को ऐतिहासिक श्रीकृष्ण लीला महोत्सव-2026 का भव्य एवं भक्तिमय शुभारंभ हुआ। श्रीकृष्ण लीला महोत्सव समिति की ओर से प्रथम पूज्य भगवान श्रीगणेश की भव्य सवारी निकाली गई। बल्केश्वर स्थित लीला स्थल गौशाला में विधिवत पूजन-अर्चन के बाद मुख्य अतिथि विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल एवं डॉ. हरेन्द्र गुप्ता ने आरती उतारकर सवारी का शुभारंभ किया। कुल्लू पंडित जी के मार्गदर्शन में पूजन संपन्न हुआ।
भगवान श्रीगणेश की सवारी बल्केश्वर गौशाला से प्रारंभ होकर वाटर वर्क्स, जीवनी मंडी, बेलनगंज, कचहरी घाट, रावतपाड़ा, सुभाष बाजार सहित राम बारात मार्ग के विभिन्न क्षेत्रों से होती हुई वापस गौशाला प्रांगण पहुंचकर संपन्न हुई। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान गणेश का भव्य स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने आरती उतारकर सुख-समृद्धि एवं मंगलकामना की। सवारी में आगे चल रहे ऊंट, नगाड़े वादक और भजन-कीर्तन करते श्रद्धालु विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। पूरा वातावरण ‘जय श्रीकृष्ण’, ‘राधे-राधे’ और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष से गुंजायमान रहा। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता कर भगवान के दर्शन किए।
धार्मिक आयोजन संस्कृति और संस्कारों के संवाहक : विधायक
मुख्य अतिथि विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कहा कि श्रीकृष्ण लीला महोत्सव आगरा की प्राचीन धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है। भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं धर्म, प्रेम, करुणा और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश देती हैं। ऐसे आयोजन सनातन संस्कृति और ब्रज की गौरवशाली विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। भगवान गणेश की सवारी के साथ महोत्सव का शुभारंभ होना अत्यंत मंगलमय है। उन्होंने समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक आयोजन समाज में संस्कार, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करते हैं।
14 नवंबर को निकलेगी कंस की दुहाई की सवारी :
श्रीकृष्ण लीला महोत्सव समिति के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि शनिवार, 14 नवंबर को कंस की दुहाई की सवारी निकाली जाएगी। यह सवारी बल्केश्वर स्थित महालक्ष्मी मंदिर से प्रारंभ होकर महाराजा अग्रसेन मार्ग पर संपन्न होगी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष सवारियों के मार्ग में परिवर्तन किया गया है, जिससे कमला नगर एवं बल्केश्वर क्षेत्र के अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को भगवान के दर्शन का अवसर मिल सके।
15 नवंबर से गौशाला परिसर में होगा मंचीय लीलाओं का मंचन :
समिति के महामंत्री विजय रोहतगी ने बताया कि 15 नवंबर को शाम 6:30 बजे वाटर वर्क्स स्थित गौशाला परिसर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के साथ मंचीय लीलाओं का शुभारंभ होगा। 16 नवंबर को नंदोत्सव एवं पूतना वध तथा 17 नवंबर को गोचारण, कालियादह एवं माखन चोरी की लीलाओं का मंचन किया जाएगा।
लीला संयोजक शेखर गोयल ने बताया कि इस वर्ष पारंपरिक लीलाओं के साथ कुछ विशेष लीलाओं को भी शामिल किया गया है। 18 नवंबर को भीष्म प्रतिज्ञा, 19 नवंबर को प्रह्लाद चरित्र और 21 नवंबर को सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र की लीला का मंचन होगा। 21 नवंबर को आयोजित होने वाली फूलों की होली महोत्सव का विशेष आकर्षण रहेगी। महोत्सव का समापन 25 नवंबर को हवन-पूजन एवं लीला स्वरूपों की विदाई के साथ होगा।
ये रहे उपस्थित :
इस अवसर पर डॉ. गिरधर शर्मा, नेशनल चैंबर अध्यक्ष मनोज बंसल, अतुल गुप्ता, पंकज मोहन, अशोक गोयल, कोषाध्यक्ष संजय अग्रवाल, विष्णु अग्रवाल राधे-राधे, ब्रजेश अग्रवाल, महंत अनंत उपाध्याय, पंडित मुकेश शर्मा, मनोज गुप्ता, आशु रोहतगी, लक्ष्मण शर्मा, सोनू दीक्षित, सीताराम अग्रवाल, राकेश जैन, पंकज शास्त्री, आकाश ग्वाला, विनीत सिंघल, अनूप गोयल, मनीष शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


