राधे के नाम से सजी शाम, श्याम मेहंदी के रंग में रंगे भक्त

वृंदावन की श्रीजी सखी के संकीर्तन पर झूमे श्रद्धालु, भक्ति और उल्लास से सराबोर हुआ मेहंदी उत्सव

आज हरीपर्वत के एमडी जैन मैदान में सजेगा भव्य श्री श्याम अखाड़ा, देशभर के भजन गायक करेंगे बाबा का गुणगान

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। राधा नाम की मधुर स्वर लहरियां, श्याम नाम की मेहंदी और भजनों पर झूमते श्रद्धालु। कुछ ऐसा ही भक्तिमय नजारा बुधवार को बोदला स्थित पार्क वैली अपार्टमेंट में देखने को मिला। श्री श्याम आस्था परिवार आगरा खाटू धाम के 14वें वार्षिक उत्सव श्री श्याम तीज महोत्सव के अंतर्गत श्री श्याम नाम की मेहंदी एवं अरदास-कीर्तन का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। वृंदावन धाम से पधारीं श्रीजी सखी के मधुर संकीर्तन ने भक्तों को भावविभोर कर दिया। राधे-राधे और जय श्री श्याम के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थापक राहुल बंसल, संरक्षक वीरेंद्र मेड़तवाल एवं भाजपा महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष वंदना सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद श्रीजी सखी ने राधारानी के मधुर भजनों और संकीर्तन से भक्तिमय वातावरण बना दिया। महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने अपने हाथों पर श्याम नाम की मेहंदी लगवाई। राधारानी के भजनों पर श्रद्धालु जमकर झूमे और नृत्य करते हुए अपनी श्रद्धा एवं प्रेम भाव प्रकट किया।

अध्यक्ष दिव्य मेड़तवाल ने बताया कि श्री श्याम आस्था परिवार का यह 14वां वार्षिक उत्सव है, जिसे इस वर्ष भी भव्यता और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। मेहंदी उत्सव का उद्देश्य श्याम नाम को जन-जन तक पहुंचाना और श्रद्धालुओं को भक्ति के सूत्र में बांधना है।

संस्थापक राहुल बंसल एवं संरक्षक वीरेंद्र मेड़तवाल ने कहा कि श्री श्याम नाम की मेहंदी केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि बाबा श्याम के प्रति अटूट प्रेम, विश्वास और समर्पण की अभिव्यक्ति है। जिस प्रकार मेहंदी का रंग धीरे-धीरे गहराता है, उसी प्रकार प्रभु के नाम का रंग भी भक्तों के हृदय में गहराता जाता है। राधारानी की कृपा के बिना श्याम भक्ति अधूरी है, इसलिए कार्यक्रम का शुभारंभ राधा नाम के जप और संकीर्तन से किया गया।

आज सजेगा भव्य श्री श्याम अखाड़ा :

श्री श्याम तीज महोत्सव के अंतर्गत 12 नवंबर, गुरुवार को हरीपर्वत स्थित एमडी जैन मैदान में शाम चार बजे से भव्य श्री श्याम अखाड़ा आयोजित होगा। इसमें बाबा श्याम का अलौकिक दरबार सजाया जाएगा। देशभर से पधारे भजन गायक अपने मधुर भजनों से बाबा श्याम का गुणगान करेंगे। इत्र एवं पुष्प वर्षा के बीच अखंड संकीर्तन का आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालु भक्तिरस में सराबोर होंगे।

कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष संजय मित्तल, महामंत्री आयुष जैन, महासचिव राजीव तिवारी, सचिव गोपाल सारस्वत, उपाध्यक्ष अजय बंसल एवं नितेश अग्रवाल, मंत्री विपिन मित्तल, मीडिया प्रभारी सुमित मित्तल, नीरज अग्रवाल, जगदीश, सतीश, धर्म, अमित अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, विष्णु अग्रवाल राधे-राधे, रोहित अग्रवाल, रामगोपाल गर्ग, राहुल गर्ग सहित अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।