गांव-गांव तक संगठन की पहुंच बनाने का संकल्प,आगरा की 6 तहसीलों और 15 ब्लॉकों में संयोजक नियुक्त
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। भारतीय मजदूर संघ जिला आगरा की ओर से संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने और गांव-गांव तक संगठन की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रविवार को जयपुर हाउस स्थित माधव भवन में संगठन विस्तार बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की सभी छह तहसीलों और उनके अंतर्गत आने वाले 15 ब्लॉकों में संयोजकों की नियुक्ति की घोषणा करते हुए संगठन विस्तार की व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई।
बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश भगोर ने की, जबकि संचालन जिला मंत्री सौरभ शर्मा ने किया। कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह राणा मुख्य अतिथि तथा संभाग संगठन मंत्री शंकर लाल मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिला मंत्री सौरभ शर्मा ने संगठन विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए जिले की सभी छह तहसीलों एवं 15 ब्लॉकों के संयोजकों के नामों की घोषणा की। इस दौरान प्रत्येक गांव तक संगठन की पहुंच बनाने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने तथा स्थानीय स्तर पर संगठन की सक्रियता बढ़ाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य वक्ता संभाग संगठन मंत्री शंकर लाल ने संगठन की आवश्यकता, कार्यशैली, विचारधारा और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संगठन की वास्तविक मजबूती उसकी जमीनी सक्रियता और कार्यकर्ताओं की निष्ठा से आती है। प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन के उद्देश्यों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करना चाहिए।
मुख्य अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह राणा ने प्रदेश संगठन की ओर से जिले को दिए गए दिशा-निर्देशों से पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को अवगत कराया। उन्होंने आगामी 1 से 3 जनवरी 2027 तक कानपुर में आयोजित होने वाले प्रदेश अधिवेशन की तैयारियों पर चर्चा करते हुए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सक्रिय सहभागिता निभाने तथा संगठनात्मक दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।
बैठक में संगठन को अधिक प्रभावी बनाने, श्रमिकों की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर जिला संरक्षक अश्विनी शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष प्रभात कुमार गौतम, उत्तर मध्य रेलवे कर्मचारी संघ के मंडल महामंत्री उमाकांत भारद्वाज, आशा संगिनी संयोजक पप्पी धनगर, कुलदीप राणा, अनामिका शर्मा, जगन्नाथ शर्मा, सतीश मौर्य, सोमेश गौतम एवं राहुल भारद्वाज सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

