महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के राज्यसभा सदस्य नारायण राणे ने कहा कि उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री के रूप में असफल साबित हुए हैं।

 


महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के राज्यसभा सदस्य नारायण राणे ने कहा कि उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री के रूप में असफल साबित हुए हैं। ठाकरे ने मुख्यमंत्री के रूप में राज्य में कोई विकास कार्य नहीं किया है। 

नारायण राणे ने सोमवार को पत्रकारों से कहा कि मुख्यमंत्री एवं शिवसेना अध्यक्ष ठाकरे ने दशहरा रैली में जो भाषण दिया, उसमें राज्य की समस्याओं का कहीं भी उल्लेख नहीं था। इसका कारण मुख्यमंत्री राज्य की महत्वपूर्ण समस्या, कोरोना, अतिवृष्टि से किसानों की होने वाली दुर्दशा से लोगों का ध्यान हटाना चाहते थे। एक साल में मुख्यमंत्री को अपने कार्य का लेखा जोखा आम नागरिकों को देना चाहिए था, लेकिन जब काम ही नहीं किया तो कहेंगे क्या? 

नारायण राणे ने कहा कि अगर शिवसेना प्रमुख बाला साहेब ठाकरे जिंदा रहते तो वह उद्धव को कभी भी मुख्यमंत्री नहीं बनाते। राणे ने बताया कि बाला साहेब ने उद्धव को मुख्यमंत्री नहीं बनाया था, उन्हें (राणे) ही मुख्यमंत्री बनाया था। 

राणे ने बताया कि शिवसेना के पास जो 56 विधायक हैं, वह सभी प्रधानमंत्री मोदी की वजह से जीते हैं। उद्धव ने मोदी से बेईमानी कर सरकार बनाई है।

साभार-एम मिश्र