आगरा वार्ता

गोष्ठी आयोजित कर मनाई भगवान वाल्मीकि जयंती।





- विश्व हिंदू परिषद ने किया कार्यक्रम का आयोजन।


 आगरा। ( प्रवीन शर्मा )

 महर्षि वाल्मीकि जयंती पर विश्व हिंदू परिषद आगरा महानगर द्वारा गोष्ठी का आयोजन तोता का ताल स्थित दाऊजी मंदिर पर किया गया।इसमें मुख्य वक्ता व विश्व हिंदू परिषद के क्षेत्रीय संपर्क प्रमुख राघवेंद्र ने कहा कि वाल्मीकि  रामायण  ग्रंथ पर वाल्मीकि समाज और हिंदू समाज अपने उत्थान के लिए शिद्दत से अमल कर रहा है। भगवान वाल्मीकि ज्ञानी तपस्वी और विद्वान थे। विश्व हिंदू परिषद के महानगर अध्यक्ष दीपक अग्रवाल ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि सभी के आराध्य है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता वाल्मीकि समाज के मुन्नालाल चंचल ने की। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ महानगर अध्यक्ष दीपक अग्रवाल ने भगवान वाल्मीकि के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। कार्यक्रम का संचालन मालवीय प्रखंड संयोजक अतुल शर्मा ने किया। इस दौरान सुभाष भगत, गजरा चौधरी, विनोद इलाहाबादी,दिलीप बोहरे, मान सिंह शाक्य, अजीत वर्मा, ललित अग्रवाल, प्रखंड अध्यक्ष सुमित शर्मा,  संयोजक नितिन चौहान, सुरक्षा प्रमुख प्रिंस शिवाजी, मंत्री रविदास, गौरक्षा प्रमुख शिवाजी, रवि सोलंकी, नवीन कुशवाहा, मदन वर्मा, आशीष आर्य, रामकुमार वर्मा , निशांत सिकरवार मनीष अग्रवाल,  अनूप कुमार, बंटी कुमार ठाकुर, कपिल त्यागी, दीपक जैन, संजीव अग्रवाल, ओमकार राजपूत आदि मौजूद रहे।


दिनदहाड़े महिला की हत्या से सनसनी।


- तमंचा लहराते हुए भाग गए हमलावर।

- सीसीटीवी कैमरे खंगालने में जुटी पुलिस।


आगरा। शनिवार को एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देकर दो युवक मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए।पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर सीसीटीवी कैमरे की मदद से आरोपियों की तलाश में जुट गई है। अभी तक हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।

शनिवार को दोपहर बाद करीब तीन बजे थाना न्यू आगरा क्षेत्र में अबुल उल्लाह दरगाह के पास एक महिला  की हत्या कर दी गई। उसकी शिनाख्त रानी निवासी नई की मंडी के रूप में हुई है। वह पैदल हाईवे की ओर जा रही थी, तभी एक्टिवा सवार दो युवक उसके पीछे चलने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि एक्टिवा पर पीछे बैठे एक युवक ने तमंचा निकाल लिया और उसे गोली मार दी।


तमंचा लहराते हुए भाग गए हमलावर

गोली लगते ही महिला लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ी। इसके बाद एक्टिवा सवार मौके से भाग गए। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला का पर्स चेक किया। इसके आधार पर महिला की शिनाख्त नाई की मंडी निवासी रानी पत्नी याकूब के रूप में हुई। पुलिस ने वारदात की सूचना उसके परिजनों को दी। पुलिस को महिला के पर्स में कुछ कागजात भी मिले हैं। इनमें से कुछ अधिकारियों को देने के लिए लिखे गए प्रार्थना पत्र हैं। एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि घटना स्थल के लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए जा रहे हैं।  रंजिश में हत्या की आशंका है। महिला के परिजनों से पूछताछ की जाएगी । अभी हत्या का कारण पता नहीं चल सका है।



स्क्रीन पर दौड़ी मेट्रो रेल।





शहरी विकास सचिव ने की मेट्रो रेल परियोजना की समीक्षा।


- पहले चरण में बनेंगे छह स्टेशन ।

आगरा।(प्रवीन शर्मा) केंद्रीय शहरी विकास सचिव दुर्गाशंकर मिश्र ने शनिवार को आगरा स्मार्ट सिटी कार्यालय में मेट्रो रेल परियोजना की समीक्षा की। जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने केंद्रीय सचिव को मेट्रो का प्रेजेंटेशन दिखाया। मेट्रो के पहले चरण में छह स्टेशन बनेंगे।

केंद्रीय शहरी विकास सचिव दो दिन के दौरे पर आगरा आए हैं।यहां पे स्मार्ट सिटी और मेट्रो के कार्यों की समीक्षा और निरीक्षण करेंगे। पहले दिन स्मार्ट सिटी कार्यालय में समीक्षा बैठक हुई।इसमें भूमि अधिग्रहण और मेट्रो का कार्य समय पर पूर्ण कराने सहित कई बिंदुओं पर चर्चा हुई। बैठक में मेट्रो का प्रेजेंटेशन भी दिखाया गया। इस दौरान नगर विकास सचिव दीपक कुमार, आयुक्त अनिल कुमार, नगर आयुक्त समेत तमाम अधिकारी मौजूद रहे।