यमुना आरती स्थल, यमुना किनारे की तलहटी पर हजारों की संख्या में जुटे शहरवासी




आगरा: प्रवीन शर्मा

मकर संक्रांति के उपलक्ष्य में रिवर कनेक्ट अभियान द्वारा यमुना आरती स्थल पर आयोजित किया गया पतंगोत्सव, ढोल नगाड़ों संग रंग बिरंगी पतंगों को सूर्य नारायण तक पहुंचाने की लगी होड़, शहर के सांसद और विधायकों संग आम जनता ने भी उठाया लुत्फ, गुनगुनी धूप में उड़नखटोले समान लहराती पतंगों से सजा सतरंगी आसमान। मानों मकर संक्रांति पर्व पर सूर्य नारायण तक पहुंचकर उन्हें प्रणाम करने की होड़ हो। 


यमुना आरती स्थल, यमुना किनारे की तलहटी पर हजारों की संख्या में जुटे शहरवासी। हाथों में आसमान में लहराती सैकड़ों पतंगों की डोर सम्भालने की मौका मिला तो मानो बचपन लौट आया। क्या सांसद, क्या विधायक और क्या गणमान्य लोग। आम जनता संग सब एक मैदान में बस अपनी पतंग को बचाने की जुगत करते दिखाई दिए। जिसमें शहर के हजारों लोगों ने भाग लेकर मकर संक्रांति पर्व का आनन्द लिया। महिलाओं, बच्चों व बुजुर्गों ने भी आसमान में उड़ती पतंग पर खूब जोर आजमायश की।  


पतंगोत्सव में मौजूद आगरा भाजपा सांसद एसपी सिंह बघेल, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल व मेयर नवीन जैन, राज्य मंत्री जी एस धर्मेश ने यमुना तलहटी को विकसित करने के साथ हर वर्ष भव्य रूप से पतंगोत्सव का आयोजन करने का आश्वासन दिया। साथ ही यमुना किनारे पॉलीथिन आदि प्रदूषक तत्वों को न फेंकने के लिए कार्यक्रम में मौजूद जनता से संकल्प भी कराया। सभी लोगों ने हाथ ऊपर कर सहमति जताते हुए यमुना स्वच्छता अभियान में सहयोग करने का आश्वासन दिया। 


वैदिक सूत्रम चेयरमैन एस्ट्रोलॉजर पंडित प्रमोद गौतम ने बताया कि पतंगोत्सव पर भाजपा सांसद, विधायकों व अन्य पार्टी के पदाधिकारियों ने यमुना की तलहटी में जाकर यमुना की दुर्दशा को गम्भीरतापूर्वक महसूस किया है, अब सभी को हमारी दैवीय धरोहर यमुना नदी की दुर्दशा को पूरी तरह दूर करने के प्रति गम्भीरता दिखाने की प्रबल आवश्यकता है, जिससे दैवीय यमुना में गंदगी को दूर किया जा सके।


पतंगोत्सव की समाप्ति पर शाम 6 बजे यमुना मैया की विशेष आरती का आयोजन किया गया। आरती नंदन श्रोतिया द्वारा की गई। इस अवसर पर मुख्य रूप से कार्यक्रम संयोजक ब्रज खंडेलवाल, डॉ. देवाशीष भट्टाचार्य, शशिकांत उपाध्याय, दीपक राजपूत, राहुल, पद्मिनी अय्यर, श्रवन कुमार, रिमझिम वर्मा, अमित कोहली, जुगल श्रोत्रिया, डॉ. हरेन्द्र गुप्ता एवम यमुना रिवर कनेक्ट अभियान से जुड़े सभी भक्तजन मौजूद थे।