आगरा की बेटी इशिका बंसल को मुख्यमंत्री देंगे प्रदेश स्तरीय प्रतिष्ठित विवेकानंद यूथ अवार्ड




सवांददाता, के,के,कुशवाहा


आगरा।उ.प्र.

जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल में अपनी साहित्यिक उपलब्धियों के बलबूते सौ फ़ीसदी स्कॉलरशिप प्राप्त कर अध्ययन कर रही राष्ट्रीय स्तर पर सराहना प्राप्त अंग्रेजी लेखिका इशिका बंसल के खाते में अब एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। उत्तर प्रदेश सरकार के युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के महानिदेशक द्वारा जारी सूची के अनुसार उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा व्यक्तिगत श्रेणी में दिए जाने वाले प्रतिष्ठित प्रदेश स्तरीय पुरस्कार “विवेकानंद यूथ अवार्ड” के लिए इशिका बंसल को चुना गया है। 10 जनवरी को सुबह 11:00 बजे प्रांतीय रक्षक दल एवं युवा कल्याण महानिदेशालय के जेल रोड, लखनऊ स्थित परिसर में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी द्वारा इशिका बंसल सहित प्रदेश के 10 युवाओं को यह पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।


गौरतलब है कि व्यक्तिगत श्रेणी में पूरे प्रदेश से वर्ष 2020 के लिए गाजियाबाद, आगरा, गोरखपुर, पीलीभीत, झांसी, लखनऊ, अंबेडकरनगर और फतेहपुर सहित आठ जिलों से 10 युवा चुने गए हैं जिनमें मातृ शक्ति के रूप में एकमात्र इशिका बंसल को पुरस्कार के लिए शासन स्तरीय कमेटी ने योग्य पाते हुए चुना है। विवेकानंद यूथ अवार्ड के लिए चुनी गई इशिका संभवत: प्रदेश की पहली ऐसी युवा है जिसे अपनी साहित्यिक उपलब्धियों के लिए यह पुरस्कार दिया जाएगा।


इस पुरस्कार के मिलने की सूचना आगरा मंडल के जिला युवा कल्याण अधिकारी आदित्य कुमार ने फोन पर इशिका के पिता कवि कुमार ललित को दी तो उनका पूरा परिवार खुशी से झूम उठा।