भारतीय रक्षा सेवाओं में एयर वाइस मार्शल अथवा समकक्ष रैंक पाने वाली पहली गैर-चिकित्सा महिला अधिकारी बनीं
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। आगरा की बेटी एयर वाइस मार्शल शक्ति शर्मा ने भारतीय रक्षा सेवाओं के इतिहास में नया कीर्तिमान स्थापित कर शहर का नाम पूरे देश में गौरवान्वित किया है। 1 सितंबर 2026 को वह भारतीय रक्षा सेवाओं में एयर वाइस मार्शल अथवा समकक्ष रैंक प्राप्त करने वाली पहली महिला गैर-चिकित्सा अधिकारी बन गईं। उन्होंने असिस्टेंट चीफ ऑफ एयर स्टाफ (एजुकेशन) का महत्वपूर्ण पदभार भी ग्रहण किया है।
शक्ति शर्मा का जन्म आगरा के फुलट्टी में हुआ था। उनके पिता ओम प्रकाश शर्मा प्रशासनिक अधिकारी रहे हैं, जबकि उनकी माता श्रीमती शैल शर्मा हैं। शक्ति शर्मा की शिक्षा-दीक्षा भोपाल में हुई। उनके माता-पिता वर्तमान में भोपाल में निवास करते हैं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य आज भी आगरा में रहते हैं।
उनकी बड़ी बहन कृति भी भोपाल में एक महत्वपूर्ण अधिकारी पद पर कार्यरत हैं। परिवार की इस गौरवशाली उपलब्धि से आगरा और भोपाल दोनों शहरों में खुशी का माहौल है।
शक्ति शर्मा के चचेरे भाई अशोक शर्मा रेलवे में स्टेशन मास्टर के पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि शक्ति शर्मा की यह उपलब्धि पूरे परिवार के साथ-साथ आगरा शहर के लिए अत्यंत गर्व का विषय है।
एयर वाइस मार्शल शक्ति शर्मा की ऐतिहासिक उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करने वालों में अशोक शर्मा, रवि शर्मा, गजेंद्र शर्मा, नरेंद्र शर्मा, मोनू शर्मा, आलोक शर्मा, अमित शर्मा, अभिषेक शर्मा, कविता शर्मा और दीप्ति शर्मा सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक शामिल हैं।
तीन दशकों से अधिक के गौरवशाली सैन्य सेवाकाल में शक्ति शर्मा ने उत्कृष्ट नेतृत्व और सेवा का परिचय दिया है। उनकी यह उपलब्धि भारतीय सशस्त्र सेनाओं में महिलाओं की बढ़ती भूमिका का ऐतिहासिक प्रतीक है और देश की युवा बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

